Sunday, July 12, 2026 |
Home Exclusiveकोई भी व्यवसाय शुरू कर पीछे मुडक़र ना देखें युवा, अपने काम को अंजाम देते रहें: Rajesh Meena

कोई भी व्यवसाय शुरू कर पीछे मुडक़र ना देखें युवा, अपने काम को अंजाम देते रहें: Rajesh Meena

by Business Remedies
0 comments

कुंजेश कुमार पतसारिया | बिजनेस रेमेडीज। स्वयं के मेहनत और जुनून के दम पर छोटा-सा व्यवसाय वर्ष, 2011 में शुरू कर मात्र उन्नीस वर्ष में Labtech Healthcare India Pvt.Ltd. के डायरेक्टर राजेश कुमार मीना ने सीतापुरा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान कायम की है। राजेश बताते हैं कि जब होश संभाला तो पैसों की तंगी के कारण आगे पढ़ाई नहीं कर पाए। छोटे भाई के साथ मिलकर छोटा व्यवसाय करने की सोच विकसित हुई, ताकि कुछ पैसा कमाकर माता-पिता का भी सहारा बन सकूं। इसी जुनून व मेहनत के दम पर अपना व्यवसाय शुरू कर दिया। जो आज बढ़ते-बढ़ते लार्ज स्केल पर पहुंच गया है। वे कहते हैं कि इन्होंने कभी पीछे मुडक़र नहीं देखा है, यही कारण है कि व्यवसाय में उत्तरोतर आगे बढ़ते जा रहे हैं। वे हेल्थ केयर से संबंधित एआई मशीनें पूरे भारत में सेल्स करते हैं और कई देशों से मशीनें इम्पोर्ट भी करते हैं। संभवत: कुछ समय बाद इनका ब्रांड विदेशों में भी अपनी पहचान कायम करने में सफल हो पाएगा।

आपकी शैक्षणिक गतिविधियों को बताएं। कहां से शिक्षा ग्रहण की और कहां तक की है?
मैंने जयपुर के महाराज कॉलेज से बीएससी (बॉयोलोजी) से की है। फिर आर्थिक मजबूरी के कारण आगे पढ़ाई नहीं कर पाया।

व्यवसाय करने की प्रेरणा आपको कहां से मिली? इसका अनुभव कहां से लिया और व्यवसाय में किस तरीके की सेवाएं देते हैं?
मैं गरीब किसान का बेटा हूं। मैंने स्वयं ही व्यवसाय को शुरू किया है। पहले छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू किया। उसके बाद मैं और मेरा छोटा भाई राकेश मीना धीरे-धीरे पैसा आने में इसे बढ़ाते गए।

वर्तमान में प्रतिस्पर्धा के युग में आपके समक्ष कोई चुनौतियां सामने आई, अगर आई तो उसका समाधान किस तरह से किया?
हरेक व्यवसाय में चुनौती आना तो स्वाभाविक है। इन चुनौती का मुकाबला करना एक अच्छे व्यवसायी के लिए जरूरी है। हमें इन चुनौतियों से कुछ सीखने का मौका भी मिला। नई तकनीक का बिजनेस में समावेश करते हुए हम आगे कदम बढ़ा रहे हैं।

सामाजिक सरोकार के कोई कार्य किए हो तो बताएं?
समय-समय पर गरीबों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मदद और आर्थिक सहयोग देते रहते हैं।

आपके आदर्श कौन हैं?
मेरे वैसे तो कोई आदर्श नहीं है, पर एक फीसदी मैं मुंबई के मिस्टर कार्डे को अपना आदर्श मानता हूं। इनसे मुझे व्यवसाय के गुर सीखने को मिले।

भविष्य में व्यवसाय को कहां तक विस्तार देना चाहते हैं?
ब्रांड के उत्पाद भविष्य में एक्सपोर्ट करने की चाहत रखते हंै। संभवत: अतिशीघ्र इसमें सफलता मिलेगी।

नए युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए क्या सुझाव देना चाहेंगे, जिससे वह अपने व्यवसाय को उत्तरोतर बढ़ा सकें?
मेरा युवाओं से यही सुझाव है कि वे कोई भी बिजनेस शुरू कर निश्चित कर लें कि हमको वापस पीछे मुडक़र नहीं देखना है, चाहें कैसी भी परिस्थिति आ जाए? अपनी मेहनत और लगन से काम को अंजाम देते रहें, सफलता जरूर मिलेगी।

सरकार से आपकी क्या अपेक्षाएं हैं, ताकि आपके व्यवसाय को और गति मिल सके?
वर्तमान समय में जीएसटी के कारण व्यवसाय करना बहुत ही कठिन होता जा रहा है। सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह व्यवसाईयों को टैक्स में ज्यादा से ज्यादा छूट दे और नौकरशाही को हाबी ना होने दे। तभी बाहर के उद्यमी भी अपना व्यापार राजस्थान में चालू कर सकेंगे। इसके अलावा सिंगल विंडो रजिस्ट्रेशन चालू करना चाहिए जिससे व्यापारियों को एक ही विंडो पर सारे लाइसेंस मिल सकें।



You may also like

Leave a Comment