बिजनेस रेमेडीज़/सीकर। सीकर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 32वीं वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) वर्ष 2023-24 की बैठक गुरुवार को प्रधानजी का जाव, सीकर में आयोजित हुई। बैंक प्रशासक विनोद कुमार रॉयल ने बैंक का वार्षिक प्रतिवेदन एवं समस्त संबंधित वित्तीय आंकड़े बैंक अंशधारकों के समक्ष प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 में बैंक रुपए 17 लाख 46 हजार के सकल लाभ में रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक 9 नवंबर, 2018 के कार्य दिवस समाप्ति से निरंतर भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा लागू सर्व समावेशी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत कार्यकरण में है तथापि विकट वित्तीय स्थिति में सभी के सहयोग से शीघ्र ही रिवाइवल की ओर अग्रसर हो रहा है। बैंक रिवाइवल अन्तर्गत वित्तीय पुनर्गठन के लिए जमाकर्ताओं ने जमाओं के पूंजी रूपांतरण हेतु सहमति प्रदत की थी। बैंक की अधिकृत अंश पूंजी 2 करोड़ रुपए से 15 करोड रुपए बढ़ाने के पूर्व संचालक मंडल के प्रस्ताव को सहकार विभाग राजस्थान द्वारा अनुमति मिलने के बाद बैंक की अंश पूंजी वर्तमान में 1.66 करोड रुपए से बढक़र लगभग 7 करोड रुपए हो चुकी है। उन्होंने बैंक रिवाइवल के प्रयासों हेतु बैंक के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी एडवोकेट, पूर्व संचालक सदस्यों एवं समस्त जमाकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक साधारण सभा में अंकेक्षण रिपोर्ट, बैंलेंस शीट, लाभ-हानि खाता सहित वित्त वर्ष 2022-23 के लिए अंकेक्षक प्रमाण पत्र को अंगीकार किया गया। सर्व सहमति से बैंक रिवाइवल प्लान, बैंक जमाकर्ताओं को भुगतान अनुमति प्रदान करने का प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक को प्रेषित करने एवं बैंक के पुनरुत्थान क्रम में अन्य नागरिक सहकारी बैंक में विलय के संबंध में भी साधारण सभा द्वारा अनुमोदन कर पुष्टि प्रदान की गई। इसके साथ ही वर्ष 2024-25 के लिए संचालक मंडल द्वारा स्वीकृत प्रस्तावित बजट को भी अनुमोदित किया गया।
इस अवसर पर बैंक के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी एडवोकेट ने बैंक हित में धैर्यपूर्वक अपना सहयोग प्रदान करने वाले समस्त सदस्यों एवं जमाकर्ताओं का आभार जताया। वार्षिक साधारण सभा में पूर्व संचालक सदस्य सांवरमल सैनी, फैयाज अहमद फारूकी, सुभाष चंद्र दानोदिया, ईश्वर लाल सैनी सहित अंशधारी सदस्य, प्रतिनिधि सदस्यों की सहभागिता रही।

