बिजनेस रेमेडीज़/पाली। पाली में लघु उद्योग भारती द्वारा स्वावलंबन एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में कई वर्षों से अलग-अलग क्षेत्र में कार्य किया जा रहे है, जिसमें विभिन्न प्रकल्प के माध्यम से 15 हजार से अधिक लोगों को सीधा रोजगार मिला है।
लघु उद्योग भारती के मीडिया प्रभारी ललित मालू ने बताया कि पाली पधारे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लघु उद्योग भारती के किए जा रहे कार्यों को धरातल पर जाकर देखा, जिसमें सबसे पहले हेमावास गाँव में चूड़ी पर नगीने लगाने की मशीन देखी जिसमें किस प्रकार से एक मशीन पर 10 से 15 महिला कार्य करती है एवं चूड़ी पर नगीने लगाने के कार्य को बहुत ही सुगम और सरल कर दिया है, नया गांव रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मिट्टी के कुल्हड निर्माण की मशीन देखी, जिसमें बिना किसी केमिकल के प्रयोग मिट्टी के कुल्हड बनाने की पूरी प्रक्रिया रेल मंत्री ने समझी एवं यह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बहुत बड़ा कार्य बताया।
रेलवे में यहां बने मिट्टी के कुल्हड उपयोग करने की घोषणा भी की, वृद्धाश्रम सेवा समिति में सिलाई, कंप्यूटर, ब्यूटी पार्लर एवं मेहंदी के प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं इन सभी प्रकल्पों को बारीकी से देखा एवं यहां किया जा रहे कार्य को समझा। इन सभी प्रकल्प को देखने के बाद स्वावलंबन व रोजगार के क्षेत्र में इसको बहुत ही सहरानीय प्रयोग बताया।
स्वरोजगार के इस पाली मॉडल को अपने आप में अनूठा एवं समाज परिवर्तन में प्रभावी बताया। साथ ही सभी स्थानों पर इन कार्यों से जुड़ी हुई महिलाओं से भी रेल मंत्री ने संवाद किया।
लघु उद्योग भारती सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों का देश का सबसे बड़ा संगठन है। लघु उद्योग भारती पाली के द्वारा पिछले 5 वर्ष में विभिन्न कार्यों के माध्यम से 15,000 से ज्यादा महिलाओं को सीधा रोजगार से जोडा है, इसमें प्रशिक्षण से लेकर किस्तों पर मशीन उपलब्ध करवाने तक का कार्य लघु उद्योग भारती ने किया है।
इन सभी को देखने में पाली जिले के प्रभारी मंत्री झाबरमल खर्रा, उद्योग मंत्री के.के. विश्नोई, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्ता, सांसद पी.पी. चौधरी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, जिला कलेक्टर एल एन मंत्री, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सिद्धू, लघु उद्योग भारती के निवृत्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शांतिलाल बालड, प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चोपड़ा, जोधपुर प्रांत महासचिव सुरेश बिश्नोई, राजस्थान के संयुक्त सचिव विनय बम्ब, जोधपुर अंचल के सयुंक्त सचिव राहुल मेहता, कमल किशोर गोयल उपस्थित रहे।

