बिनायक्या परिवार ने किया संवर-पौषधशाला का लोकार्पण
जयपुर | बिजनेस रेमेडीज
श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्था, मानसरोवर की वर्तमान कार्यकारिणी के चार वर्ष का सफलतापूर्वक कार्यकाल पूरे किए जाने पर रविवार को मानसरोवर स्थित बड़ा बाजार, महावीर भवन में कृतज्ञता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। संघ मंत्री प्रकाश लोढ़ा ने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी के संघाध्यक्ष श्री राजेन्द्र कुमार जी जैन ‘राजा’ के नेतृत्व में पूरी टीम ने संघ समाज के कार्य करते हुए चार वर्ष पूर्ण किए हैं। संघाध्यक्ष महोदय के अथक प्रयासों से इस कार्यकाल में अतिथिशाला के लिए 14 वातानुकूलित कमरों का निर्माण हुआ है तथा अन्य उपयोगी कार्य जैसे सोलर, फायर सेफ्टी यंत्र, वाटर कूलर आदि सुविधाओं को सभी भामाशाहों के सहयोग से पूर्ण करवाए गए हैं। समारोह में संघ सेवा देने वाले, धार्मिक आराधना-साधना, तपस्या तथा महावीर भवन मानसरोवर के विकास में सहयोग देने वालों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ समाज सेवी, भामाशाह तथा संघ सेवा में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों एवं श्री संघ के सभी श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। श्री संघ के कार्यों मे महिला मंडल एवं युवा प्रकोष्ठ का भी विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रेम कंवर बिनायक्या एवं परिवार की ओर से संवर-पौषधशाला का लोकार्पण भी किया गया। समारोह में सभी श्री संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के बाद सभी के लिए भोज का आयोजन भी किया गया।
