Tuesday, November 24, 2026 |
Home Automobileत्योहारी सीजन में वाहनों की खुदरा बिक्री ने बनाया रिकॉर्ड

त्योहारी सीजन में वाहनों की खुदरा बिक्री ने बनाया रिकॉर्ड

by Business Remedies
0 comments

55.25 लाख वाहनों की हुई बिक्री, सालाना आधार पर 2.21 प्रतिशत की हुई बढ़ोतरी
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
भारत में 2026 के 42 दिनों के लंबे त्योहारी सीजन के दौरान वाहन बिक्री ने अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) की सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान कुल 55,25,490 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जो पिछले साल के रिकॉर्ड स्तर से 2.21 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 2024 के त्योहारी सीजन के मुकाबले बिक्री में 23.95 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में सबसे तेज उछाल देखने को मिला।
दोपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में तेजी
दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 3.67 प्रतिशत बढक़र 43.13 लाख इकाई पहुंच गई। वहीं, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 7.13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ यह 1.56 लाख इकाई रही। तिपहिया वाहनों की बिक्री में 5.32 प्रतिशत, ट्रैक्टर बिक्री में 2.24 प्रतिशत और निर्माण उपकरणों के पंजीकरण में 26.06 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 52.62 प्रतिशत की बढ़ोतरी
इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री 52.62 प्रतिशत बढक़र 5,09,667 इकाई के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पहली बार किसी त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री पांच लाख इकाई के पार पहुंची है। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 61.1 प्रतिशत, इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की 72.9 प्रतिशत और इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 154.6 प्रतिशत बढ़ी।
यात्री वाहनों की बिक्री में आई गिरावट
अन्य वाहन श्रेणियों में तेजी के बावजूद यात्री वाहनों की बिक्री में 7.16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 7.49 लाख इकाई रह गई। हालांकि, 2024 के त्योहारी सीजन की तुलना में इस श्रेणी की बिक्री 16.43 प्रतिशत अधिक रही। इससे स्पष्ट है कि लंबी अवधि में यात्री वाहन क्षेत्र की मांग मजबूत बनी हुई है।
नवरात्रि में धीमी शुरुआत, धनतेरस और दिवाली पर बढ़ी मांग
फाडा के अनुसार, त्योहारी सीजन की शुरुआत नवरात्रि के दौरान धीमी रही, लेकिन धनतेरस और दिवाली के समय वाहन खरीदारी में तेजी आई। इससे बाजार को फिर से गति मिली और बिक्री सकारात्मक स्थिति में पहुंची। फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि 2026 का 42 दिनों का त्योहारी सीजन भारतीय वाहन खुदरा कारोबार में लगातार नए रिकॉर्ड बनाने वाले साल के रूप में याद रखा जाएगा।
सालाना वाहन बिक्री तीन करोड़ इकाई के करीब
फाडा के अनुसार, त्योहारी सीजन के शानदार प्रदर्शन से भारतीय वाहन उद्योग एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने की स्थिति में पहुंच गया है। देश में सालाना खुदरा वाहन बिक्री पहली बार तीन करोड़ इकाई के आंकड़े के करीब पहुंच रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती स्वीकार्यता के पीछे कम परिचालन खर्च, बेहतर दूरी तय करने की क्षमता और ग्राहकों के लिए उपलब्ध मॉडलों के अधिक विकल्प प्रमुख कारण रहे हैं।



You may also like

Leave a Comment