भारत में इस वर्ष विदेश यात्रा करने वाले नागरिकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त के बीच भारतीयों की विदेश यात्राओं में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत की कमी आई है। यह गिरावट कई आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का परिणाम है। पश्चिम एशिया में युद्ध और तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, हवाई किरायों में वृद्धि तथा डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोर स्थिति ने विदेश यात्रा को महंगा बना दिया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्गों में बदलाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं ने भी यात्रियों की योजनाओं को प्रभावित किया है। इस परिस्थिति को देखते हुए सरकार ने नागरिकों से अनावश्यक विदेशी यात्राओं को टालने और देश के भीतर पर्यटन को प्राथमिकता देने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने विदेशी विवाह समारोहों और महंगी विदेश यात्राओं पर होने वाले खर्च को कम करने का सुझाव भी दिया है। सरकार घरेलू पर्यटन स्थलों के विकास, सडक़ एवं हवाई संपर्क में सुधार तथा स्वदेश दर्शन और प्रसाद जैसी योजनाओं के माध्यम से देश के पर्यटन ढांचे को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। साथ ही विदेशी पर्यटकों को भारत की ओर आकर्षित करने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है। विदेश यात्राओं में कमी का देश की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों प्रकार का प्रभाव पड़ रहा है। सकारात्मक पक्ष यह है कि विदेशों में खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा की बचत होगी, जिससे भुगतान संतुलन और रुपए पर पडऩे वाले दबाव को कम करने में सहायता मिल सकती है। वहीं दूसरी ओर विमानन कंपनियों, ट्रैवल एजेंसियों, होटल व्यवसायों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन से जुड़े रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलने से देश के छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों, परिवहन सेवाओं और स्थानीय कारीगरों को नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं। देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए केवल विदेश यात्राओं में कटौती पर्याप्त नहीं है। हमें उत्पादन क्षमता बढ़ाने, स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहित करने, निर्यात में वृद्धि करने, आयात पर अनावश्यक निर्भरता घटाने और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने पर ध्यान देना होगा।
