भारत में बिजली की बढ़ती मांग और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के बीच एनर्जी स्टोरेज एक अहम जरूरत बनकर उभर रहा है। देश में सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इनसे मिलने वाली बिजली हर समय एक समान उपलब्ध नहीं होती। दिन में सौर ऊर्जा का उत्पादन अधिक होता है, जबकि रात में इसकी उपलब्धता नहीं रहती। इसी तरह हवा की गति में बदलाव से पवन ऊर्जा का उत्पादन भी प्रभावित होता है। ऐसे में अतिरिक्त बिजली को स्टोर करके जरूरत के समय इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। एनर्जी स्टोरेज स्कीम इस चुनौती का प्रभावी समाधान बन सकती है। इसके जरिए बड़ी मात्रा में बिजली को बैटरी और अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से स्टोर किया जा सकता है। जरूरत पडऩे पर इस बिजली का इस्तेमाल घरों, उद्योगों और व्यावसायिक संस्थानों में किया जा सकता है। इससे बिजली की सप्लाई अधिक भरोसेमंद होगी और स्वच्छ ऊर्जा पर निर्भरता बढ़ाना आसान होगा। भारत के लिए एनर्जी स्टोरेज केवल बिजली बचाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक अहम कदम है। देश में बैटरी निर्माण, नई तकनीकों के विकास और एनर्जी स्टोरेज से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे विदेशी आयात पर निर्भरता कम होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। हालांकि, इस क्षेत्र में अभी कई चुनौतियां मौजूद हैं। बैटरियों की ऊंची लागत, कच्चे माल की उपलब्धता और पुरानी बैटरियों के सुरक्षित निपटान जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना होगा। सरकार को निजी निवेश और शोध को प्रोत्साहित करने के साथ ऐसी नीतियां बनानी होंगी, जिनसे आम उपभोक्ताओं को भी इसका फायदा मिले। वास्तव में, स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य केवल ज्यादा बिजली पैदा करने में नहीं, बल्कि उसे सही समय पर उपलब्ध कराने में है। एनर्जी स्टोरेज को मजबूत बनाए बिना भारत का स्वच्छ ऊर्जा अभियान अधूरा रहेगा। इसलिए एनर्जी स्टोरेज स्कीम को देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास की मजबूत नींव के रूप में देखना होगा।

