Friday, November 13, 2026 |
Home Editorialछठ महापर्व: आस्था, प्रकृति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम

छठ महापर्व: आस्था, प्रकृति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम

by Business Remedies
0 comments

भारतीय संस्कृति में पर्वों और त्योहारों का अपना विशेष वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व है, लेकिन छठ पूजा मात्र एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अद्वितीय महापर्व है। यह दुनिया का संभवत: एकमात्र ऐसा उत्सव है जिसमें ना केवल उगते सूर्य की, बल्कि अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य की भी पूरी श्रद्धा के साथ आराधना की जाती है। यह परंपरा हमें जीवन के हर चरण का, चाहे वह उत्थान हो या पतन, समान रूप से सम्मान करना सिखाती है। छठ पूजा मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाने वाला यह पर्व अब देश-विदेश में भारतीय संस्कृति की पहचान बन चुका है। यह सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का महापर्व है। छठ पूजा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से प्रारंभ होकर सप्तमी तिथि तक चार दिनों तक चलती है। इस वर्ष यह पर्व आज से प्रारंभ होकर 16 नवंबर तक चलेगा। पहले दिन नहाय-खाय में व्रती स्नान कर शुद्ध एवं सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना का विधान है, जिसमें दिनभर उपवास के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। तीसरे दिन संध्या अघ्र्य में अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया जाता है। चौथे दिन प्रात: उदीयमान सूर्य को अघ्र्य अर्पित कर व्रत का पारण किया जाता है। छठ पूजा का मूल उद्देश्य सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है। मान्यता है कि छठी मैया की आराधना से संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। इस पर्व में महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ कठिन निर्जला व्रत रखते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में सूर्यपुत्र कर्ण प्रतिदिन सूर्यदेव की उपासना करते थे और उन्हें अघ्र्य अर्पित करते थे। मान्यता है कि द्रौपदी ने भी पांडवों के संकट दूर होने और परिवार के कल्याण के लिए सूर्योपासना की थी। एक अन्य लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम और माता सीता ने लंका विजय के बाद अयोध्या लौटकर सूर्यदेव की पूजा की थी। पुराणों में षष्ठी देवी को संतान की रक्षक के रूप में भी वर्णित किया गया है। छठ महापर्व हमें सिखाता है कि प्रकृति के प्रति सम्मान, श्रम के प्रति निष्ठा और परिवार एवं समाज के प्रति समर्पण ही जीवन के वास्तविक मूल्य हैं। यही कारण है कि छठ आज भी करोड़ों लोगों की आस्था और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक बना हुआ है।



You may also like

Leave a Comment