सामाजिक सद्भाव, मानवीय मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की दृष्टि से आज का दिन विशेष महत्व रखता है। इस दिन अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस और राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाएगा। दोनों दिवसों का उद्देश्य भले ही अलग-अलग हो, लेकिन इनके मूल में एक ही भावना निहित है और वह है समाज में संवाद, समानता, स्वतंत्रता और आपसी सम्मान को बढ़ावा देना। अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस मनाने की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की पहल पर हुई। वर्ष,1995 को संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता वर्ष घोषित किया था। इसका उद्देश्य नस्लीय, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना तथा मानवाधिकारों, विविधता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। वहीं भारत में राष्ट्रीय प्रेस दिवस का इतिहास भारतीय प्रेस परिषद से जुड़ा है। 16 नवंबर, 1966 को भारतीय प्रेस परिषद ने कार्य करना प्रारंभ किया। वर्तमान समय में इन दोनों दिवसों की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। सामाजिक और राजनीतिक ध्रुवीकरण, धार्मिक कट्टरता, जातीय भेदभाव, हिंसा तथा सोशल मीडिया पर फैलती अफवाहें सामाजिक सद्भाव के लिए गंभीर चुनौती बन रही हैं। ऐसे वातावरण में सहिष्णुता का अर्थ केवल दूसरों के विचारों को सहन करना नहीं, बल्कि उनके अधिकारों, विचारों और विविधताओं का सम्मान करना भी है। दूसरी ओर, पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण प्रहरी है। फेक न्यूज, पेड न्यूज, पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग और सनसनीखेज खबरों के दौर में मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। पत्रकारिता का धर्म सत्ता से सवाल करना, जनसमस्याओं को सामने लाना और तथ्यों के आधार पर जनता को जागरूक करना है। साथ ही अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी आवश्यक है। वास्तव में, सहिष्णु समाज और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार प्रेस एक-दूसरे के पूरक हैं। इन दोनों दिवसों पर केवल औपचारिक आयोजन पर्याप्त नहीं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने व्यवहार में सहिष्णुता अपनाएं और पत्रकारिता को सत्य, निष्पक्षता तथा जनहित के प्रति प्रतिबद्ध बनाएं। यही लोकतंत्र को मजबूत करने और बेहतर समाज के निर्माण का सच्चा मार्ग है।
