बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। उत्तर प्रदेश के मेरठ आधारित ‘रचित प्रिंट्स लिमिटेड’ मैट्रेस उद्योग के लिए स्पेशलिटी फैब्रिक निर्माण करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं, विस्तार योजना के लिए धन जुटाने, संयंत्र और मशीनरी की खरीद हेतु पूंजीगत व्यय राशि जुटाने, सावधि ऋणों का आंशिक पूर्व-भुगतान करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2003 में निगमित रचित प्रिंट्स लिमिटेड मैट्रेस उद्योग के लिए स्पेशलिटी फैब्रिक के निर्माण में लगी हुई है। कंपनी मैट्रेस के लिए विशेष प्रकार के फैब्रिक बनाती है, जिनमें किंटेड, प्रिंटेड, वॉर्प-किंटेड और तकिये के फैब्रिक, साथ ही बाइंडिंग टेप भी शामिल हैं। कंपनी कंफ़र्टर और बेडशीट का भी व्यापार करती है। कंपनी बीटूबी मॉडल पर काम करती है, जहाँ वह प्रिंटेड और निटेड फैब्रिक उन ग्राहकों को बेचती है जो उन्हें दोबारा बेचते या बनाते हैं। कंपनी स्लीपवेल, कुर्लोन एंटरप्राइजेज और प्राइम कम्फर्ट प्रोडक्ट्स जैसे ब्रांडों के लिए फैब्रिक बनाती है।
प्रोडक्ट पोर्टफोलियो:
किंटेड फैब्रिक: यह पॉलिएस्टर धागों से बना गोलाकार बुना हुआ कपड़ा होता है जो कि घरेलू साज-सज्जा और मैट्रेस के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
वॉर्प निट: वॉर्प निट कपड़े में लूप कपड़े की लंबाई के साथ लंबवत रूप से जुड़े होते हैं।
प्रिंटेड $फैब्रिक: पॉलिएस्टर प्रिंटेड फ़ैब्रिक मैट्रेस उन्नत प्रिंटिंग तकनीकों का उपयोग करके बनाए जाते हैं।
आग रोधी फ़ैब्रिक: रेशे जो आग के संपर्क में आने पर स्वाभाविक रूप से जलने का प्रतिरोध करते हैं, जबकि आग रोधी कपड़ों को आग प्रतिरोधी बनाने के लिए रसायनों से उपचारित किया जाता है, जो अनिवार्य रूप से उन पर लगने वाली किसी भी लौ को बुझा देते हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 32.39 करोड़ रुपए का राजस्व और 0.32 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 37.11 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.03 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 41.78 करोड़ रुपए का राजस्व और 4.56 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि साल दर साल कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा होता जा रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 10.94 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की कुल असेट 26.09 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 12.31 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 8.68 रुपए और कुल कर्ज 9.23 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक् िवटी अनुपात 0.75 का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
प्रवर्तकों का अनुभव
54 वर्षीय अनुपम कंसल कंपनी के प्रमोटर और प्रबंध निदेशक हैं। वे पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं और उन्होंने वर्ष 1985 में “मेसर्स रचित प्रिंट्स” नामक साझेदारी फर्म की शुरुआत की। उन्हें कपड़ा और परिधान उद्योग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। वे कंपनी के कामकाज का गतिशील प्रबंधन करते हैं और हमेशा नए अवसरों और तकनीकी नवाचारों की तलाश में रहते हैं।
51 वर्षीया नैना कंसल कंपनी की प्रमोटर और पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में मेरठ विश्वविद्यालय से “विज्ञान में स्नातक” की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में, वे एलीट ट्रेडर्स के नाम से कपड़ों और धागों के व्यापार का संचालन कर रही हैं। यह कंपनी रचित प्रिंट्स लिमिटेड को भी कपड़े और धागे उपलब्ध कराती है, जो उनके व्यवसाय का एक ठोस आधार है। कपड़ा उद्योग के लिए विशेष कपड़ों के निर्माण क्षेत्र में उनकी पृष्ठभूमि और वर्षों का अनुभव उन्हें कंपनी के भीतर रणनीतिक निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में प्रभावी रूप से योगदान करने के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करता है।
23 वर्षीया रोज़ कंसल कंपनी की गैर-कार्यकारी निदेशिका हैं। उन्हें कंपनी में दो वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में इंजीनियरिंग कर रही हैं। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और सीखने के प्रति उत्साह उन्हें कंपनी के लिए एक अमूल्य संपत्ति बनाता है क्योंकि कंपनी गुणवत्ता के लिए संकल्पित है। उनकी चुस्त मानसिकता और नवीन विचार कंपनी के व्यवसाय में एक नए दृष्टिकोण को बढ़ावा दे रहा है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘रचित प्रिंट्स लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 3 सितंबर 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 फेसवैल्यू के 13,08,000 शेयर 140 से 149 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 19.49 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को कुल 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन खंबाटा सिक्योरिटीज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

