नई दिल्ली,
भारत की पहली Bullet Train सेवा का संचालन 15 अगस्त 2027 से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का सबसे पहला परिचालन सूरत-बिलिमोरा खंड पर शुरू होगा। इसके साथ ही भारत तेज गति वाली रेल सेवा के नए दौर में प्रवेश करेगा। रेल मंत्री ने बताया कि कुल 508किमी लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को एक साथ शुरू करने के बजाय अलग-अलग चरणों में चालू किया जाएगा। सबसे पहले सूरत-बिलिमोरा खंड पर Bullet Train दौड़ेगी। इसके बाद क्रमशः वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अहमदाबाद-मुंबई खंडों पर भी सेवा शुरू की जाएगी। रेल मंत्रालय के अनुसार, भारत की पहली Bullet Train परियोजना अब अपने अगले महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुकी है। निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और निर्धारित समयसीमा के अनुसार परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लगभग 80प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण भी तेज गति से किया जा रहा है ताकि निर्धारित समय पर विभिन्न चरणों का संचालन शुरू किया जा सके। यह परियोजना देश की पहली हाई स्पीड रेल परियोजना है, जिससे मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इसके साथ ही देश में आधुनिक रेल तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
रेल मंत्री ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार देश में हाई स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार करने की दिशा में भी तेजी से काम कर रही है। इसके तहत हैदराबाद को केंद्र में रखकर तीन नए Bullet Train कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु मार्ग शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हैदराबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल संपर्क की भी योजना बनाई जा रही है। इसके शुरू होने के बाद दोनों महानगरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद को तीन Bullet Train कॉरिडोर की सौगात दी है, जिससे शहर का विकास नई दिशा में आगे बढ़ेगा। इन परियोजनाओं से तेलंगाना के बड़े हिस्से में बेहतर संपर्क सुविधा विकसित होगी और राज्य के कई जिलों को आधुनिक रेल नेटवर्क का लाभ मिलेगा। रेल मंत्री ने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नव-निर्माण पहल के तहत देशभर के 261 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है। तेलंगाना में सिकंदराबाद, बेगमपेट और हाईटेक सिटी रेलवे स्टेशन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं और बेहतर आधारभूत ढांचे का निर्माण तेजी से चल रहा है। सरकार का उद्देश्य रेलवे नेटवर्क को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाना है।

