भारतीय अर्थव्यवस्था में एमएसएमई के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। यह किसी भी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसके बिना उद्योगों की तरक्की होना संभव नहीं है। इन लघु उद्योगों के योगदान, उद्यमिता को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और पारंपरिक शिल्पों के संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने के लिए आज राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस मनाया जाएगा। यह दिवस भारत में छोटे पैमाने के उद्योगों के महत्व को पहचानने और उन्हें बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। देश के औद्योगिक और निर्यात क्षेत्रों में एमएसएमई का बड़ा हिस्सा शामिल है, जो सकल घरेलू उत्पाद और रोजगार में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह दिन उन उद्यमियों और कारीगरों की मेहनत को याद करता है जो देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। जहां लघु उद्योग देश की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं। यह दिन स्वदेशी हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को जीवित रखने वाले कारीगरों के काम को बढ़ावा देने और उनकी आजीविका को सुरक्षित करने में मदद करता है। लघु उद्योग सामुदायिक शक्ति को बढ़ाते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत करते हैं। यह दिवस छोटे उद्योगों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सफल होने के लिए एक सहायक वातावरण प्रदान करने में मदद करता है। यह दिवस नीति निर्माताओं और लोगों को यह भी याद दिलाता है कि अब समय आ गया है कि लघु उद्योगों के विकास को समर्थन दिया जाए, ताकि उनकी अर्थव्यवस्था अधिक लचीली बने, उद्यमियों को अधिक अवसर मिलें और परिणामस्वरूप राष्ट्र को एक प्रमुख आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढऩे में मदद मिले।

