Thursday, March 5, 2026 |
Home » ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन एवं भंडारण के निर्धारित मानदंडों की पालना हो सुनिश्चित: कलैक्टर सोनी

ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन एवं भंडारण के निर्धारित मानदंडों की पालना हो सुनिश्चित: कलैक्टर सोनी

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। जिला कलैक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जयपुर में ज्वलनशील पदार्थों, रसायन और गैस के परिवहन एवं भंडारण के लिए निर्धारित मानदंडों की पालना हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। जिला कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में गैसीय एवं रसायन परिवहन संबंधी वाहन एवं वाहन चालकों के लिए सुरक्षात्मक उपायों के संबंध में चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलैक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं पेट्रोलियम कंपनियों को प्रतिनिधियों को आमजन की सुरक्षा के लिए अत्यधिक सतर्कता बरतने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में भांकरोटा हादसे की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विषय विशेषज्ञों, पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला कलैक्टर ने गैसीय एवं रसायन परिवहन संबंधी वाहन चालकों को प्रशिक्षण हेतु एक सामूहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करने, जयपुर में स्थित सभी पेट्रोलियम एवं गैस पाइप लाइन संबंधित प्लान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
साथ ही उन्होंने 50 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को भी गैसीय एवं रसायन संबंधी आपदाओं से निपटने हेतु राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने, आपदा प्रबंधन के तहत समय-समय पर गैसीय एवं रसायन संबंधी आपदाओं से निपटने हेतु आमजन को जागरूक करने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ सभी संबंधित विभागों को समय-समय पर मॉक ड्रिल कर अपनी तैयारी परखने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में सभी वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज नियमित रूप से अपडेट रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों में अनिवार्य रूप से जीपीएस सिस्टम का उपयोग करने, वाहन चालकों से यातायात नियमों की अवहेलना ना करने संबंधित शपथ-पत्र लेकर पाबंद करवाने के निर्देश दिये गए।



You may also like

Leave a Comment