बिजनेस रेमेडीज | जयपुर राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित Jaipur Exhibition & Convention Centre (JECC), Sitapura के मुग्धा कन्वेंशन हॉल में मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने India Stonemart 2026 का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही 5 से 8 फरवरी तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय स्टोन उद्योग आयोजन का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री Colonel Rajyavardhan Singh Rathore, शिक्षा मंत्री Madan Dilawar, राजस्थान के मुख्य सचिव V. Srinivas, अपर मुख्य सचिव उद्योग Shikhar Agrawal, प्रमुख सचिव खान विभाग T. Ravikant, RIICO के कार्यकारी निदेशक Dr. Akash Tomar, लघु उद्योग भारती के संगठन मंत्री Prakash Chandra, RK Marble के अध्यक्ष Ashok Patni, प्रसिद्ध मूर्तिकार Arun Yogiraj, India Stonemart 2026 के संयोजक Natwarlal Ajmera एवं CeDOSS के उपाध्यक्ष Deepak Ajmera सहित देश-विदेश से आए अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
India Stonemart केवल व्यापार नहीं, संस्कृति और उद्योग का संगम: मुख्यमंत्री
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने कहा कि India Stonemart केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, शिल्प परंपरा और औद्योगिक शक्ति का साझा मंच है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को निवेश और बाज़ार के रूप में देख रही है और संगमरमर व सैंडस्टोन जैसे प्राकृतिक संसाधन निवेश के उभरते हुए क्षेत्र बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में 85 प्रकार के खनिज पाए जाते हैं और लगभग हर जिले की अपनी विशिष्ट स्टोन पहचान है। राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और सुप्रीम कोर्ट जैसे प्रतिष्ठित भवनों में राजस्थान के पत्थरों का उपयोग हुआ है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के पत्थर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी दीर्घकालिक मजबूती और कम मेंटेनेंस है।
MSME, श्रमिक सम्मान और स्किल डेवलपमेंट पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने One District–One Product और One District–One Stone के विज़न को साझा करते हुए MSME सेक्टर को विशेष प्रोत्साहन देने की बात कही। उन्होंने श्रमिकों के सम्मान, उचित मजदूरी, सुरक्षा और स्किल डेवलपमेंट को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक अपनाकर राजस्थान के पत्थर को वैश्विक बाज़ार तक पहुँचाएँ, सरकार इसमें पूरी तरह सहयोगी है।
इतिहास लिखने की ज़रूरत नहीं, राजस्थान में पत्थर खुद बोलते हैं: उद्योग मंत्री
उद्योग मंत्री Colonel Rajyavardhan Singh Rathore ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान ऐसा प्रदेश है जहाँ इतिहास लिखने की आवश्यकता नहीं पड़ती, यहाँ पत्थर खुद बोलते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में शुरू हुआ India Stonemart अब अपने 13वें संस्करण में पहुँच चुका है और एक वैश्विक मंच बन चुका है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष ईरान, इटली, तुर्की और चीन सहित 66 अंतरराष्ट्रीय कंपनियाँ आयोजन में भाग ले रही हैं, जो इसकी वैश्विक पहचान को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्थान सरकार स्टोन इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यहाँ “फाइलें दौड़ती हैं, उद्यमी नहीं।”
RUDRA द्वारा आयोजित शिल्पग्राम रहा आकर्षण का केंद्र
India Stonemart 2026 के अंतर्गत Rural Non-Farm Development Agency (RUDRA) द्वारा आयोजित शिल्पग्राम आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। इसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकारों ने अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और निर्माण तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने शिल्पग्राम का अवलोकन कर इस पहल की सराहना की।
B2B मीटिंग्स और ग्लोबल नेटवर्किंग का बड़ा मंच
India Stonemart 2026 में B2B मीटिंग्स, उद्योग संवाद, निर्यात-निवेश चर्चा और नेटवर्किंग सेशन आयोजित किए जा रहे हैं। देश-विदेश से आए खरीदार, आर्किटेक्ट्स, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स और स्टोन इंडस्ट्री विशेषज्ञों ने प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाई। यह आयोजन अब तक के सबसे बड़े क्षेत्रफल में आयोजित किया गया है।
पहला दिन रहा बेहद सफल
India Stonemart 2026 का पहला दिन अत्यंत सफल और उत्साहपूर्ण रहा। आगामी दिनों में तकनीकी सत्र, उद्योग संवाद और निर्यात-केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह के अंत में संयोजक Natwarlal Ajmera ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री, मंत्रियों, अतिथियों, सहभागियों, मीडिया और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

