Sunday, July 12, 2026 |
Home Automobileजून में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार

जून में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार

जून में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में हुई 75% की सालाना बढ़ोतरी

by Business Remedies
0 comments

टीवीएस मोटर रही नंबर-1, बजाज ऑटो और एथर एनर्जी क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से इलेक्ट्रिक वाहनों को मिला बड़ा फायदा
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की मांग लगातार मजबूत होती जा रही है। जून 2026 में इस सेगमेंट की बिक्री 1,93,735 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 74.98 प्रतिशत अधिक है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और ग्राहकों के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ते रुझान ने इस बाजार को नई गति दी है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (एफएडीए) के ताजा आंकड़ों में प्रमुख कंपनियों के प्रदर्शन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला।
टीवीएस मोटर बनी बाजार की सबसे बड़ी कंपनी
जून में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में टीवीएस मोटर ने सबसे अधिक 47,064 यूनिट्स की बिक्री दर्ज कर शीर्ष स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री पिछले वर्ष के जून की तुलना में 76 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। आईक्यूब इलेक्ट्रिक स्कूटर की मजबूत मांग के चलते कंपनी ने हाल ही में इसकी 10 लाख यूनिट्स के उत्पादन का महत्वपूर्ण आंकड़ा भी पार कर लिया है। आईक्यूब देश के सबसे अधिक बिकने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में शामिल है।
बजाज और एथर की मजबूत बढ़त
बजाज ऑटो ने जून में 43,306 यूनिट्स की बिक्री के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की लोकप्रियता के चलते कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 80 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, एथर एनर्जी 31,230 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही। कंपनी की बिक्री में लगभग 95 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। एथर के फैमिली स्कूटर रिज्टा ने हाल ही में तीन लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार किया है और कंपनी की कुल बिक्री में इसकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही।
हीरो मोटोकॉर्प की सबसे तेज छलांग
हीरो मोटोकॉर्प ने जून में 21,820 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचकर चौथा स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 175 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई, जो इस सेगमेंट में सबसे तेज ग्रोथ में शामिल है। इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो के विस्तार और बढ़ती स्वीकार्यता का लाभ कंपनी को मिला है।
ओला इलेक्ट्रिक फिसली, निवेश पर बढ़ाया फोकस
पिछले वर्ष तक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बाजार में अग्रणी रहने वाली ओला इलेक्ट्रिक जून में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। कंपनी की बिक्री में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, भविष्य की रणनीति को मजबूत करने के लिए कंपनी ने हाल ही में ईवी और बैटरी निर्माण में 2,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों ओला सेल टेक्नोलॉजीज और ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजीज में किया जाएगा, जिससे उत्पादन क्षमता और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



You may also like

Leave a Comment