सात दिनों तक चलने वाला वेलेंटाइन डे आज प्रेम, स्नेह और समर्पण उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। जो काफी समय से सेंट वेलेंटाइन की शहादत की याद में मनाया जाता रहा है। वेलेंटाइन डे का इतिहास बहुत पुराना है, जो मुख्य रूप से प्राचीन रोम और एक ईसाई शहीद से जुड़ा है। तीसरी शताब्दी में रोम में, क्लॉडियस द्वितीय ने सैनिकों के विवाह पर प्रतिबंध लगा दिया था, क्योंकि उनका मानना था कि अविवाहित सैनिक बेहतर होते हैं। संत वेलेंटाइन ने इस आदेश का उल्लंघन किया और प्रेम करने वाले जोड़ों का गुप्त विवाह कराया। जब सम्राट को इसका पता चला, तो उसने 14 फरवरी को उन्हें फांसी की सजा दे दी। फांसी से पहले वेलेंटाइन ने जेलर की अंधी बेटी को एक संदेश भेजा था, जिस पर उन्होंने फ्रॉम योर वेलेंटाइन लिखा था। कुछ इतिहासकारों के अनुसार आज के दिन ही प्राचीन रोमन त्योहार ल्यूपरकेलिया के आसपास चुनी गई थी, जो प्रजनन क्षमता का त्योहार था। बाद में पोप गेलैसियस ने 5वीं शताब्दी के अंत में इसे ईसाई पर्व में बदल दिया। यह दिन कपल्स के लिए अपने साथी के प्रति प्यार, प्रतिबद्धता और भावनाओं को व्यक्त करने का एक खास मौका है। लोग गुलाब, चॉकलेट, ग्रीटिंग कार्ड और अन्य उपहार देकर अपने प्यार का इजहार करते हैं। 14 फरवरी से पहले रोज डे, प्रपोज डे, चॉकलेट डे, टेडी डे, प्रॉमिस डे, हग डे और किस डे मनाए जाते हैं, जो सप्ताह भर रोमांस का माहौल बनाए रखते हैं। अब यह दिन सिर्फ ईसाई धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर में लोग इसे अपने साथी के साथ समय बिताने और यादगार लम्हे बनाने के लिए मनाते हैं। यह दिन प्रेमियों के लिए एक-दूसरे के प्रति समर्पण जताने और अपने रिश्तों को मजबूत करने का एक खास दिन है।

