Thursday, February 19, 2026 |
Home » देश का विदेशी मुद्रा भंडार ऑल-टाइम हाई 709.413 अरब डॉलर पर पहुंचा

देश का विदेशी मुद्रा भंडार ऑल-टाइम हाई 709.413 अरब डॉलर पर पहुंचा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज | भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 8.053 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 709.413 अरब डॉलर के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया है। यह जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों में दी गई है। इससे पहले विदेशी मुद्रा भंडार का उच्चतम स्तर सितंबर 2024 में 704.89 अरब डॉलर दर्ज किया गया था। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक फॉरेन करेंसी एसेट्स (एफसीए) का मूल्य इस सप्ताह 2.367 अरब डॉलर बढ़कर 562.885 अरब डॉलर हो गया। वहीं, भंडार में शामिल सोने का मूल्य 5.635 अरब डॉलर बढ़कर 123.088 अरब डॉलर पहुंच गया।

इसके अलावा, स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (एसडीआर) का मूल्य 3.3 करोड़ डॉलर की बढ़त के साथ 18.737 अरब डॉलर हो गया, जबकि आईएमएफ के पास भारत की रिजर्व पोजिशन का मूल्य 1.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.703 अरब डॉलर पर पहुंच गया। गौरतलब है कि इससे एक सप्ताह पहले विदेशी मुद्रा भंडार 14.167 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 701.360 अरब डॉलर के स्तर पर था। ऐसे समय में जब 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में आम बजट पेश करने जा रही हैं, विदेशी मुद्रा भंडार का रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचना देश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।

अर्थव्यवस्था के लिए विदेशी मुद्रा भंडार का मजबूत होना बेहद अहम माना जाता है। यह न केवल देश की आर्थिक स्थिरता और वैश्विक विश्वास को मजबूत करता है, बल्कि रुपये की विनिमय दर को स्थिर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब डॉलर के मुकाबले रुपये पर दबाव बढ़ता है, तब केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा भंडार का उपयोग कर मुद्रा में अत्यधिक गिरावट को नियंत्रित करता है। इसके साथ ही, बढ़ता हुआ विदेशी मुद्रा भंडार यह संकेत देता है कि देश में विदेशी पूंजी और डॉलर की आवक मजबूत बनी हुई है, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। मजबूत रिजर्व से अंतरराष्ट्रीय व्यापार, आयात भुगतान और वैश्विक अनिश्चितताओं से निपटने की देश की क्षमता भी बढ़ती है। कुल मिलाकर, विदेशी मुद्रा भंडार का यह रिकॉर्ड स्तर भारत की आर्थिक सुदृढ़ता, नीति स्थिरता और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

 



You may also like

Leave a Comment