Saturday, July 18, 2026 |
Home Breaking NewsSitapura के JECC में चार दिवसीय इंडिया स्टोनमार्ट-2026 पांच फरवरी से

Sitapura के JECC में चार दिवसीय इंडिया स्टोनमार्ट-2026 पांच फरवरी से

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज / जयपुर। | सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में इंडिया स्टोनमार्ट-2026 का आयोजन 5 से 8 फरवरी तक किया जाएगा। चार दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन राजस्थान के पत्थर उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट के आयोजन से न केवल प्रदेश के स्टोन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को देश-विदेश की नवीनतम तकनीकों और वैश्विक रुझानों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

रीको, सीडोस और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह आयोजन नीति-संवाद, तकनीक और वैश्विक सहयोग का एक सशक्त अंतरराष्ट्रीय मंच बनेगा। मंत्री राठौड़ ने कहा कि राजस्थान देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और यह आयोजन प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा।

वर्ष 2000 में शुरू हुए इंडिया स्टोनमार्ट का यह 13वां संस्करण है, जो अब तक का सबसे भव्य संस्करण होगा। इसमें चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली सहित कई देशों से प्रदर्शक भाग लेंगे। इस अवसर पर स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सह महामंत्री नरेश पारीक, रूडा की मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा अरोड़ा, सीडीओएस के सीईओ मुकुल रस्तोगी, सीडीओएस के चेयरमैन दीपक अजमेरा, लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह और पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम भी उपस्थित रहे।

स्पष्ट नेतृत्व और नीति से मिली नई दिशा
कर्नल राठौड़ ने कहा कि पिछले दो वर्षों में स्पष्ट नेतृत्व और प्रभावी नीतियों के चलते राजस्थान को नई औद्योगिक दिशा मिली है। निवेश प्रोत्साहन के लिए लागू की गई नई नीतियों और योजनाओं के परिणामस्वरूप राज्य एक मजबूत निवेश गंतव्य के रूप में उभरा है। राइजिंग राजस्थान अभियान के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक पर कार्य प्रारंभ हो चुका है।

उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन की दिशा में भी राज्य सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.54 लाख पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे एक लाख युवाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

ओडीओपी पवेलियन रहेगा विशेष आकर्षण
इंडिया स्टोनमार्ट-2026 में एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत चयनित पत्थर उत्पादों के प्रदर्शन के लिए विशेष पवेलियन तैयार किया जाएगा। इससे राजस्थान के विशिष्ट स्टोन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण
स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा ने बताया कि यह संस्करण लगभग 25,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 539 स्टॉल्स लगाई जाएंगी। पहली बार चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका सहित आठ देशों से प्रदर्शक भाग ले रहे हैं।

एमएसएमई के लिए मजबूत वैश्विक मंच
लघु उद्योग भारती के नरेश पारीक ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट-2026 एमएसएमई के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक मंच बन चुका है, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार, नई तकनीक और निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है।

शहरी विकास और डिजाइन इकोसिस्टम को नई दिशा
रूडा की एमडी मनीषा अरोड़ा ने कहा कि यह आयोजन राज्य के शहरी विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजाइन इकोसिस्टम को मजबूती देगा और स्मार्ट सिटी व सस्टेनेबल आर्किटेक्चर में स्टोन इंडस्ट्री की भूमिका को और विस्तार देगा।

विश्वस्तरीय मानकों पर आधारित आयोजन
सीडीओएस के चेयरमैन दीपक अजमेरा ने बताया कि इस संस्करण में तकनीक, डिजाइन, सस्टेनेबिलिटी और नवाचार पर विशेष फोकस रहेगा। डिजिटल एग्जिबिशन ऐप, मल्टी-लैंग्वेज वेबसाइट, अंतरराष्ट्रीय रोडशो, स्टूडेंट कॉम्पिटिशन और पॉलिसी डायलॉग जैसे कई नवाचार इस आयोजन को एक समग्र औद्योगिक प्लेटफॉर्म बनाएंगे।

नीति, व्यापार और वैश्विक विश्वास का संगम
लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट भारतीय स्टोन उद्योग के लिए नीति, व्यापार और वैश्विक विश्वास का मजबूत संगम है, जो एमएसएमई को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करता है।

ये होंगी प्रमुख गतिविधियां
इंडिया स्टोनमार्ट-2026 में स्टोन, मशीनरी और वैल्यू-एडेड उत्पादों का प्रदर्शन, 20 से अधिक देशों के अंतरराष्ट्रीय विजिटर्स और खरीदारों की भागीदारी, जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल, ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम, नीति संवाद सत्र और छात्रों के लिए डिजाइन व नवाचार आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

राजस्थान को वैश्विक स्टोन हब बनाने की दिशा में निर्णायक कदम
इंडिया स्टोनमार्ट-2026 राजस्थान को केवल प्राकृतिक संसाधनों का राज्य नहीं, बल्कि वैल्यू-ड्रिवन, टेक्नोलॉजी-ओरिएंटेड और ग्लोबली कनेक्टेड स्टोन इंडस्ट्री हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त पहल साबित होगा।



You may also like

Leave a Comment