बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जयपुर और एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य शैक्षणिक एवं औद्योगिक साझेदारी के अंतर्गत सेतु (ब्रिज) डिजाइन पर सिविल अभियांत्रिकी के छात्रों हेतु प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ करना है। यह पाठ्यक्रम सिविल अभियांत्रिकी के छात्रों में सेतु डिजाइन की व्यावहारिक समझ विकसित करने के लिए तैयार किया जाएगा, जिसमें वास्तविक परियोजनाओं, कोड ऑफ प्रैक्टिस, और आधुनिक तकनीकों का समावेश होगा। कार्यक्रम में कक्षा शिक्षण, कार्यशालाएं, साइट विजिट, विशेषज्ञ सत्र तथा प्री-प्लेसमेंट मूल्यांकन जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। यह पहल विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
एसकेआईटी और एचजीआईईएल दोनों संस्थानों ने इस साझेदारी को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक-अधिष्ठान सहयोग करार दिया है, जो आने वाले समय में इंजीनियरिंग शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगा। इस अवसर पर एसकेआईटी के निदेशक जयपाल मील, डायरेक्टर अकादमिक एस एल सुराना, डीन आर के जैन, सिविल अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डी के शर्मा, एचजीआईईएल के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी रचना मोहन और मंजुल माथुर उपस्थित रहे।

