नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने अक्टूबर महीने में 19.97 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़कर एक बार फिर अपने सब्सक्राइबर बेस में सबसे मजबूत वृद्धि दर्ज की है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वृद्धि के साथ जियो का कुल ग्राहक आधार बढ़कर 48.47 करोड़ हो गया है।
TRAI के मुताबिक, अक्टूबर में सबसे अधिक ग्राहक जोड़ने वाली कंपनी जियो रही। भारती एयरटेल नई ग्राहक वृद्धि के मामले में दूसरे स्थान पर रही। एयरटेल ने अक्टूबर में 12.52 लाख ग्राहक जोड़ते हुए अपना कुल मोबाइल सब्सक्राइबर बेस 39.36 करोड़ तक पहुंचा दिया। सुनील भारती मित्तल के नेतृत्व वाली कंपनी ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में स्थिर गति से बढ़ रही है।
सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने भी अक्टूबर में सुधार दिखाया और 2.69 लाख मोबाइल ग्राहक जोड़े। BSNL का ग्राहक आधार अब बढ़कर 9.25 करोड़ हो गया है। वहीं, वित्तीय संकट झेल रही वोडाफोन आइडिया (Vi) के लिए अक्टूबर चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी ने इस दौरान 20.83 लाख वायरलेस ग्राहक खो दिए, जिससे उसका ग्राहक आधार घटकर 20.07 करोड़ रह गया। कुल मिलाकर, अक्टूबर 2024 तक भारत में मोबाइल और लैंडलाइन मिलाकर कुल टेलीफोन ग्राहक आधार 123.1 करोड़ पहुंच गया। इसमें से 118.4 करोड़ वायरलेस (मोबाइल) और 4.6 करोड़ लैंडलाइन ग्राहक शामिल हैं।

