New Delhi,
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया देशभर में कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) से जुड़ी 7 नई स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग ₹.668 करोड़ है और इनके माध्यम से देशभर के लगभग 53लाख लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मंगलवार को डॉ. मांडविया तेलंगाना के सनतनगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल से इन परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह सनतनगर अस्पताल के नए बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) भवन का उद्घाटन करेंगे, जबकि 6 अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। इन परियोजनाओं में असम के बेलटोला में 200 बिस्तरों वाले उन्नत कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल, तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में 100 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल, आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रवरम स्थित कर्मचारी राज्य बीमा योजना अस्पताल, गुजरात के सुरेंद्रनगर में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय एवं शाखा कार्यालय, राजस्थान के कोटा के उद्योग नगर में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय एवं शाखा कार्यालय तथा राजस्थान के भवानी मंडी में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय शामिल हैं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी उपस्थित रहेंगी।
सनतनगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बनाए गए नए बाह्य रोगी विभाग भवन से तेलंगाना के हैदराबाद, मेडचल–मलकाजगिरि, संगारेड्डी, रंगा रेड्डी और महबूबनगर जिलों के लगभग 12,30,183 बीमित व्यक्तियों एवं लाभार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इस नई सुविधा से राज्य में कर्मचारी राज्य बीमा स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, असम के बेलटोला स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल असम और मेघालय के 47 जिलों के साथ-साथ त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के 41 जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। इस अस्पताल से लगभग 3.42लाख बीमित व्यक्तियों तथा कुल 13.27लाख लाभार्थियों को लाभ मिलने की संभावना है।
तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में स्थापित 100 बिस्तरों वाला कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल देश के प्रमुख विनिर्माण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। अस्पताल में बाह्य रोगी विभाग, आपातकालीन सेवा, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, गहन चिकित्सा इकाई, भर्ती वार्ड, एक्स-रे, प्रयोगशाला तथा औषधि वितरण केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे कांचीपुरम और तिरुवल्लूर जिलों के 5.5लाख से अधिक बीमित व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रवरम स्थित कर्मचारी राज्य बीमा योजना अस्पताल से 1,31,190 बीमित व्यक्तियों और लगभग 2,52,717 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 9,192 बीमित व्यक्ति पंजीकृत हैं। यहां स्थापित नए कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय एवं शाखा कार्यालय के माध्यम से लगभग 35,000 लाभार्थियों को चिकित्सा सेवाओं के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा।
राजस्थान के कोटा स्थित उद्योग नगर में बनने वाला कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय एवं शाखा कार्यालय औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत बड़ी संख्या में श्रमिकों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, राजस्थान के भवानी मंडी में स्थापित कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के लिए बनाया गया है। इस केंद्र के माध्यम से लगभग 800 नियोक्ताओं से जुड़े 27,715 बीमित व्यक्तियों तथा उनके लगभग 1,07,535 आश्रितों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य इन नई परियोजनाओं के माध्यम से कर्मचारियों और उनके परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

