बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। आगामी 29 सितंबर, 2024 को विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जयपुर के विद्याधर नगर में मोशन ब्रेन्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्रीन फिट मैरथॉन का आयोजन किया जा रहा है। 3, 5 और 10 किलोमीटर श्रेणी में होने जा रही इस मैराथन का पोस्टर विमोचन राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी द्वारा किया गया। इस संबंध में मोशन ब्रेन्स प्रा. लि. के संस्थापक व इस इवेंट के आयोजक वीरेंद्र सिंह और जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष तथा इस कार्यक्रम के सहयोगी सुभाष गोयल ने दीया कुमारी से भेंट कर मैरथॉन में फ्लैग ऑफ के लिए आमंत्रित किया।
विद्याधर नगर क्षेत्र में पहली बार होने वाली इस टाइम रन मैराथन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार अब तक लगभग 1500 से अधिक लोगों ने मैराथन के लिए पंजीकरण कराया है, इसमें हर उम्र के लोग शामिल हैं। आयोजक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 29 सितंबर को सुबह 5 बजे विद्याधर नगर के सन एंड मून कॉम्प्लेक्स से मैराथन का प्रारंभ होगा, जिसका रूट विद्याधर नगर स्टेडियम रोड से गुजरेगा।

