जयपुर। जयपुर आधारित ‘करंट इंफ्राप्रोजेक्ट लिमिटेड’ विभिन्न प्रकार की ईपीसी परियोजनाओं को विशेषज्ञता के साथ पूर्ण करने वाली प्रमुख कंपनी है। बुधवार 3 सितंबर 2025 को कंपनी का शेयर एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ प्राइस 80 रुपए के मुकाबले 90 फीसदी प्रीमियम के साथ 152 रुपए प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुआ। कंपनी के शेयर ने 159.60 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ और अंत में कंपनी का शेयर 91.81 फीसदी बढ़कर 153.45 रुपए पर बंद हुआ।
जयपुर स्थित एक होटल में कंपनी के प्रबंध निदेशक सुनील सिंह गंगवार, पूर्णकालिक निदेशक सत्यव्रत सिंह,गैर-कार्यकारी निदेशिका सुजाता गंगवार, एनएसई इमर्ज के सिनियर वाइस प्रेसिडेंट कृष्णन अय्यर, होलानी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रामावतार होलानी और निदेशक सी.ए अशोक होलानी द्वारा रिंग बैल बजाकर कंपनी की लिस्टिंग की गई। एनएसई इमर्ज के सिनियर वाइस प्रेसिडेंट कृष्णन अय्यर ने बिजनेस रेमेडीज की टीम को बताया कि एनएसई इमर्ज पर लिस्ट होने वाली सीआईपीएल 667वीं कंपनी है। अभी तक एनएसई इमर्ज पर कंपनियों द्वारा 19746 करोड़ रुपए जुटाए गए हैं। इन कंपनियों का वर्तमान मार्केटकैप करीब 2.2 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
उल्लेखनीय है कि कंपनी द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खान विद्यालय) आईआईटी (आईएसएम), धनबाद, झारखंड में रेस्को मॉडल के अंतर्गत 1800 किलोवाट का सौर संयंत्र स्थापित करने के लिए पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, करंट इंफ्रा धनबाद सोलर प्राइवेट लिमिटेड की इक्विटी में निवेश करने, कंपनी की कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया गया था।
कारोबारी गतिविधियां: 2013 में स्थापित, करंट इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड (CIPL) एक इंफ्रास्ट्रक्चर और नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी है जो सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और जल इंजीनियरिंग सेवाएँ प्रदान करती है। कंपनी इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) सेवाओं में विशेषज्ञता रखती है और सौर, विद्युत, जल और सिविल ईपीसी अनुबंधों में व्यापक समाधान प्रदान करती है, जिसमें आंतरिक कार्य और रोड़ फर्नीचर शामिल हैं।
कंपनी मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग (एमईपी) प्रणालियों में विशिष्ट इंजीनियरिंग परामर्श और परियोजना प्रबंधन परामर्श (पीएमसी) सेवाएँ प्रदान करती है। कंपनी याहवी द फार्महाउस नामक एक फार्महाउस संपत्ति को पट्टे पर देकर आतिथ्य सेवाएँ भी प्रदान करती है। कंपनी भारत के 12 राज्यों में कार्यरत है। 31 जुलाई, 2025 तक, कंपनी ने कुल 23,209.06 लाख रुपये की परियोजनाएँ पूरी कर ली हैं। 31 जुलाई, 2025 तक, कंपनी में 108 स्थायी कर्मचारी कार्यरत थे। प्रवर्तकों के अनुसार कंपनी के पास 280 करोड़ रुपए के आर्डर हैं।
आईपीओ का प्रबंधन शानदार ट्रैक रिकॉर्ड वाली बीआरएलएम कंपनी होलानी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है।

