बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान का खुला समर्थन करने के कारण तुर्की और अजरबैजान के खिलाफ राष्ट्रव्यापी बहिष्कार को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। द ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर के पदाधिकारियों ने भी अपने सभी सदस्यों और रत्न एवं आभूषण व्यापारियों से इन दोनों देशों का पूर्ण बहिष्कार करने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि इन देशों के साथ किसी भी प्रकार के आयात-निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी जाए।
तुर्की और अजरबैजान की ओर से पाकिस्तान का साथ दिए जाने से भारतीय जनमानस आहत है। रत्न एवं आभूषण उद्योग, जो सदैव राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता आया है, ऐसे समय में चुप नहीं रह सकता। तुर्की और अजरबैजान से आने वाले किसी भी प्रकार के कच्चे माल, मशीनरी, उपकरण या तैयार गहनों का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
आलोक सौंखिया, अध्यक्ष, ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर
ऐसे समय में हमें केवल व्यापारिक नहीं, बल्कि नैतिक निर्णय लेने होंगे। तुर्की और अजरबैजान में जेम्स एंड ज्वैलरी इंडस्ट्री से जुड़ी किसी भी वस्तु का ना तो निर्यात किया जाए और ना ही वहां से आयात। साथ ही इन देशों की यात्रा, प्रदर्शनियों में भागीदारी और व्यापार मेलों से भी दूरी बनाए रखना जरूरी है।
नीरज लूणावत, मानद् सचिव, ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर

