Friday, November 13, 2026 |
Home Corporate Worldटाइमिंग की वजह से कमजोर पड़ी D.P. Abhushan Limited की वित्तीय चमक, तिमाही शुद्ध लाभ में 22.77 फीसदी की गिरावट

टाइमिंग की वजह से कमजोर पड़ी D.P. Abhushan Limited की वित्तीय चमक, तिमाही शुद्ध लाभ में 22.77 फीसदी की गिरावट

by Business Remedies
0 comments

जयपुर। रतलाम आधारित मध्य भारत की ज्वेलरी रिटेल कंपनी D.P. Abhushan Limited ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा कर दी है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार नवरात्रि और विवाह संबंधी खरीदारी की टाइमिंग में बदलाव के कारण कंपनी के तिमाही वित्तीय परिणाम कमजोर रहे हैं।

दूसरी तिमाही के आंकड़े और त्योहारी चक्र का प्रभाव: दूसरी तिमाही में नवरात्रि और विवाह मुहूर्त की तिथियों में हुए कैलेंडर बदलाव के कारण ग्राहकों की खरीदारी का चक्र प्रभावित हुआ है। इस अवधि में कंपनी की कुल आय 761.27 करोड़ रुपए रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही (967.74 करोड़ रुपए) की तुलना में 21.34 फीसदी और पिछली तिमाही (853.63 करोड़ रुपए) की तुलना में 10.82 फीसदी कम है। दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 61.14 करोड़ रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर 19.34 फीसदी (वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में 75.80 करोड़ रुपए) और तिमाही आधार पर 34.95 फीसदी (पिछली तिमाही में 93.99 करोड़ रुपए) की कमी देखी गई। हालांकि, दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA Margin सुधरकर 8.03 फीसदी रहा है, जो पिछले साल की समान तिमाही में 7.83 फीसदी था। वहीं, दूसरी तिमाही में कर पूर्व लाभ 53.08 करोड़ रुपए (वार्षिक आधार पर 23.42 फीसदी और तिमाही आधार पर 38.43 फीसदी कम) तथा शुद्ध मुनाफा 39.74 करोड़ रुपए दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही (51.46 करोड़ रुपए) से 22.77 फीसदी और पिछली तिमाही (64.45 करोड़ रुपए) से 38.34 फीसदी कम रहा।

कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 7.01 फीसदी बढ़कर 1,614.90 करोड़ रुपए रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान छमाही में 1,509.06 करोड़ रुपए थी। बेहतर परिचालन दक्षता के चलते पहली छमाही में कंपनी का EBITDA 18.38 फीसदी बढ़कर 155.14 करोड़ रुपए हो गया है, जो पिछले साल समान अवधि में 131.05 करोड़ रुपए था। इसी अवधि में कंपनी का कर पूर्व लाभ 18.14 फीसदी की वृद्धि के साथ 139.29 करोड़ रुपए (पिछले साल 117.90 करोड़ रुपए) पर पहुंच गया, जबकि शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 18.56 फीसदी उछलकर 104.19 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में 87.88 करोड़ रुपए था।

प्रबंधन का दृष्टिकोण और आगामी योजनाएं: वित्तीय परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए D.P. Abhushan Limited के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संतोष कटारिया ने कहा कि ज्वेलरी रिटेल व्यवसाय मुख्य रूप से त्योहारों, विवाह की तिथियों और उपभोक्ताओं के खरीदारी चक्र से जुड़ा होता है। इस वर्ष नवरात्रि और विवाह संबंधी खरीदारी के समय में बदलाव के कारण तिमाहियों के बीच बिक्री का वितरण बदला है। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी के व्यवसाय की बुनियादी ताकत और दीर्घकालिक अवसर बेहद मजबूत हैं। कंपनी रणनीतिक रूप से नए शोरूम खोलने, ग्राहकों के साथ संबंधों को प्रगाढ़ करने और प्रमुख क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इस वर्ष जोड़े गए नए शोरूम धीरे-धीरे अपना योगदान बढ़ा रहे हैं, और मार्च 2027 तक 3 से 4 नए शोरूम खोलने की योजना से कंपनी का रिटेल नेटवर्क और सशक्त होगा। आगामी त्योहारी और शादियों के सीजन को देखते हुए प्रबंधन को उम्मीद है कि तीसरी तिमाही में कंपनी अपने अब तक के इतिहास का सर्वोच्च त्रैमासिक टर्नओवर दर्ज करेगी।

कंपनी प्रोफाइल:

86 वर्षों की समृद्ध विरासत वाली D.P. Abhushan Limited (जिसे ‘D.P. Jewellers’ ब्रांड नाम से जाना जाता है) मध्य प्रदेश के रतलाम से शुरू हुई एक प्रतिष्ठित चौथी पीढ़ी की ज्वेलरी रिटेल कंपनी है। संस्थापक धूलचंद कटारिया के विजन के तहत एक छोटे से स्टोर से शुरू होकर आज यह कंपनी मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित मध्य भारत के प्रमुख बाजारों में एक अग्रणी संगठित रिटेल ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुकी है। BSE और NSE पर सूचीबद्ध यह कंपनी शुद्धता, पारदर्शिता और उत्कृष्ट कारीगरी के लिए जानी जाती है और सोने, हीरे, प्लैटिनम तथा चांदी के पारंपरिक व आधुनिक आभूषणों की विस्तृत श्रृंखला पेश करती है।



You may also like

Leave a Comment