Sunday, November 29, 2026 |
Home Editorialमुक्त व्यापार समझौते: भारतीय निर्यात के लिए वैश्विक बाजार का खुलता द्वार

मुक्त व्यापार समझौते: भारतीय निर्यात के लिए वैश्विक बाजार का खुलता द्वार

Free Trade Agreements: Opening the Door to Global Markets for Indian Exports

by Business Remedies
0 comments

वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के पुनर्गठन के दौर में भारत ने व्यापार कूटनीति को नई गति दी है। हाल के वर्षों में मॉरीशस, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, ईएफटीए, ब्रिटेन, ओमान और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ समझौते होने के साथ-साथ यूरोपीय संघ के साथ समझौता निष्कर्ष की ओर बढ़ रहा है, जिससे भारत के मुक्त व्यापार समझौतों का दायरा दर्जनों देशों और प्रमुख ब्लॉकों तक फैलाव हुआ है। वहीं, अमेरिका के साथ अंतरिम ढांचे से लेकर कनाडा, इजरायल, पेरू, दक्षिण अफ्रीका और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन जैसे साझेदारों व समूहों के साथ वार्ताएं चल रही हैं, ताकि शेष प्रमुख बाजारों में भी भारत की पहुंच सुनिश्चित हो सके। सरकार की प्राथमिकता अब इन समझौतों का अधिकतम लाभ उठाने की होनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक एफटीए के तहत उत्पादवार शुल्क में छूट, निर्यात की शर्तों और संभावित बाजारों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। निर्यातकों को सस्ती वित्तीय सहायता, गुणवत्ता परीक्षण, प्रमाणन और अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स की सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। भारतीय निर्यातकों को भी अपनी रणनीति बदलनी होगी। उन्हें यह समझना होगा कि किस देश में किस उत्पाद की मांग है और वहां किस प्रतिस्पर्धी देश की तुलना में उन्हें शुल्क संबंधी लाभ मिल सकता है। कपड़ा, चमड़ा, आभूषण, कृषि प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग उत्पाद, हस्तशिल्प और आईटी सेवाओं में विशेष संभावनाएं हैं। केवल कम कीमत नहीं, बल्कि गुणवत्ता, समय पर आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन भी सफलता की शर्त है। एमएसएमई के लिए यह अवसर और भी महत्वपूर्ण है। छोटे उद्यम ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केटप्लेस, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों, निर्यात क्लस्टरों और बड़े निर्यातकों की आपूर्ति शृंखला से जुडक़र विदेशी बाजारों में प्रवेश कर सकते हैं। सरकार को इनके लिए निर्यात प्रशिक्षण, साझा परीक्षण केंद्र, पैकेजिंग सहायता और कार्यशील पूंजी की व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। राजस्थान जैसे राज्यों के लिए रत्न-आभूषण, हस्तशिल्प, वस्त्र, फर्नीचर और खनिज आधारित उत्पादों में विशेष संभावनाएं हैं। अब आवश्यकता है कि एफटीए का लाभ बड़े उद्योगों तक सीमित ना रहे, बल्कि छोटे उद्यमियों और कारीगरों तक पहुंचे। मुक्त व्यापार समझौते तभी सफल होंगे, जब समझौतों से मिले अवसर वास्तविक निर्यात, रोजगार और उद्यम विस्तार में बदलेंगे।



You may also like

Leave a Comment