पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के आगे स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का पिछले दिनों दिया गया फैसला जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दो न्यायमूर्ति की पीठ ने यह साफ कहा है कि नागरिकों के स्वास्थ्य का अधिकार व्यावसायिक हितों से ऊपर है और उपभोक्ता को यह जानने का पूरा हक है कि वह क्या खा रहा है? केवल ‘एडेड शुगर’ या ‘एडेड फैट’ के बजाय ‘कुल शुगर’, ‘सैचुरेटेड फैट’ और ‘नमक’ के आधार पर अलग-अलग हेक्सागोन चेतावनी चिह्नों का निर्देश देकर अदालत ने उन संभावित खामियों को बंद करने की कोशिश की है, जिनसे उत्पादक कंपनियां बच निकलती थीं। यह आदेश कितना कारगर साबित होगा, इसका उत्तर इसकी तकनीकी सख्ती और समयबद्धता में छिपा है। खाद्य पदार्थ केवल भूख मिटाने का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य का आधार भी हैं। पिछले काफी समय से पैकेटबंद खाद्य पदार्थों का चलन तेजी से बढ़ा है। चिप्स, नमकीन, बिस्कुट, शीतल पेय और अन्य प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की पसंद बन चुके हैं। इस आदेश का सबसे बड़ा फायदा आमजन को यह होगा कि वह खाद्य पदार्थ खरीदते समय अधिक जागरूक निर्णय ले सकेगा। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को अत्यधिक चीनी, नमक और वसा वाले उत्पादों के सेवन से बचाने में मदद मिलेगी। मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने की दिशा में भी यह उपयोगी कदम हो सकता है। साथ ही कंपनियों पर अपने उत्पादों की गुणवत्ता और पोषण संबंधी संरचना सुधारने का दबाव बनेगा। हालांकि केवल चेतावनी लेबल लगा देने से स्वस्थ समाज का निर्माण नहीं हो सकता। इसके लिए स्कूलों में पोषण संबंधी शिक्षा, जनजागरूकता अभियान और खाद्य पदार्थों की नियमित जांच भी आवश्यक है। चेतावनी स्थानीय भाषाओं में भी समझने योग्य होनी चाहिए, ताकि कम पढ़े-लिखे उपभोक्ता भी इसका अर्थ समझ सकें। सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश बाजार की मनमानी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ता के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में स्वागतयोग्य कदम है। अब असली परीक्षा सरकार और नियामक संस्थाओं की है। यदि आदेशों को ईमानदारी, पारदर्शिता और सख्ती से लागू किया गया तो खाद्य पदार्थों के चयन में उपभोक्ता को वास्तविक अधिकार मिलेगा।
