Thursday, November 26, 2026 |
Home Editorialदुग्ध उत्पादन से समृद्धि और पशुपालकों के सशक्तीकरण का संकल्प

दुग्ध उत्पादन से समृद्धि और पशुपालकों के सशक्तीकरण का संकल्प

by Business Remedies
0 comments

भारत विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है, जहां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ कृषि के साथ-साथ पशुपालन पर टिकी है। देश की खाद्य सुरक्षा, पोषण और करोड़ों ग्रामीण परिवारों की आजीविका को संबल देने वाले इसी डेयरी क्षेत्र के सम्मान में प्रतिवर्ष आज राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जाएगा। दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष, 2014 में हुई थी। इंडियन डेयरी एसोसिएशन ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड तथा देश भर के प्रमुख डेयरी संघों के साथ मिलकर पहली बार 26 नवंबर, 2014 को इसे औपचारिक रूप से मनाने का निर्णय लिया। इस विशिष्ट तिथि को चुनने का मुख्य कारण भारत में श्वेत क्रांति के जनक कहे जाने वाले डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती है। 26 नवंबर,1921 को जन्मे डॉ. कुरियन ने ऑपरेशन फ्लड के माध्यम से अभावग्रस्त भारत को विश्व के शीर्ष दुग्ध उत्पादक राष्ट्र में रूपांतरित कर दिया था। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाने का प्रमुख उद्देश्य देश में दूध के महत्व, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और डेयरी उद्योग के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान, पशुओं की बेहतर देखभाल, आधुनिक तकनीक के उपयोग और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करना भी इसका उद्देश्य है। सरकार भी पशुपालकों की आय बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के माध्यम से स्वदेशी गोवंश का संरक्षण, नस्ल सुधार और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के अंतर्गत दुग्ध संग्रहण, शीतलीकरण, गुणवत्ता परीक्षण और प्रसंस्करण की सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पशुपालकों को पशुपालन एवं डेयरी गतिविधियों के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रमों के जरिए टीकाकरण और पशु चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस केवल अतीत की उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह जलवायु परिवर्तन और चारा संकट जैसी उभरती चुनौतियों के बीच छोटे व सीमांत पशुपालकों की आय दोगुनी करने के संकल्प का दिन भी है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सहकारी शक्ति के समन्वय से ही भारतीय डेयरी क्षेत्र का भविष्य अधिक समृद्ध और आत्मनिर्भर बन सकता है।



You may also like

Leave a Comment