लालचंदपुरा। रामेश्वरम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लालचंदपुरा के लिए यह गौरव का क्षण है कि विद्यालय के तीन होनहार विद्यार्थियों ने कठिन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने परिवार का नाम रोशन किया।
विद्यालय के पूर्व छात्र आयुष शर्मा पुत्र श्री लाल चंद शर्मा निवासी मंनसारामपुरा ने नीट में 636 अंक प्राप्त कर एम्स पटना (AIIMS Patna) में चयन हुआ। वहीं उनकी बहन पायल शर्मा पुत्री श्री लाल चंद शर्मा ने जेट परीक्षा में राजस्थान में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। इसी क्रम में श्री हरि जी शर्मा, सरना डूंगर बावड़ी की सुपौत्री प्रीति शर्मा सुपुत्री श्री सुरेश शर्मा ने भी जेट परीक्षा राजस्थान में शानदार स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
तीनों विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रामेश्वरम पब्लिक स्कूल परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं परिवारजनों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में श्री हरि जी शर्मा, श्री लालचंद शर्मा एवं श्री कल्याणजी शर्मा का भी विद्यालय परिसर में सम्मान किया गया।
अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके बच्चों ने कक्षा 1 से 12वीं तक रामेश्वरम स्कूल में ही शिक्षा प्राप्त की और पहली ही कोशिश में कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव विद्यालय के शिक्षकों ने प्रारंभिक कक्षाओं से ही तैयार की, जिसके कारण आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उन्हें काफी सहायता मिली।
अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था एवं शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि रामेश्वरम स्कूल केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है। विद्यालय में मजबूत आधार, अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाता है।
विद्यालय निदेशक जितेंद्र शर्मा एवं विजय शर्मा ने तीनों विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित दिशा देना और भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करना है।
तीनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पंकज जी मीणा एवं शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

