Saturday, August 15, 2026 |
Home Editorialमन की बात के दस वर्ष

मन की बात के दस वर्ष

by Business Remedies
0 comments
punit jain

प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम को लेकर जो प्रसन्नता प्रकट की और भावुक होकर इस कार्यक्रम की उपलब्धियों को रेखांकित किया, वह स्वाभाविक ही है, क्योंकि आम जनता से संवाद के इस लोकप्रिय कार्यक्रम के दस वर्ष पूरे हो चुके हैं। निश्चित रूप से यह एक अनूठी उपलब्धि है, क्योंकि इस कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री राजनीतिक मुद्दों से इतर विषयों पर चर्चा करते हैं और वह भी इस तरह कि लोग उससे प्रेरित होते हैं।

इस कार्यक्रम की व्यापकता और लोकप्रियता का अनुमान इससे लगाया जा सकता है कि यह 22 भाषाओं और विभिन्न बोलियों में प्रसारित होता है। इसके अतिरिक्त इसे कई विदेशी भाषाओं में भी सुना जा सकता है। स्पष्ट है कि इस कार्यक्रम को देश के साथ विदेश में भी लोग सुनते हैं। इस कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री ने आम जनता को विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक करने का काम किया है।

बात चाहे पर्यावरण सुरक्षा की हो अथवा बेटी बचाओ अभियान को लोकप्रिय बनाने की या फिर आम जनजीवन से जुड़े ऐसे ही अन्य अनेक मुद्दों की। यह कार्यक्रम इस बात का परिचायक है कि किस तरह आम जनता को उन विषयों के प्रति जोड़ा जा सकता है और उनमें उसकी भागीदारी बढ़ाई जा सकती है, जो किसी न किसी रूप में उसके जीवन को प्रभावित करते हैं।

आज यदि स्वच्छ भारत अभियान एक बड़ी हद तक प्रभावी दिख रहा है तो इसके पीछे मन की बात कार्यक्रम की भी एक बड़ी भूमिका है, क्योंकि प्रधानमंत्री ने शायद सबसे अधिक बार इस अभियान की चर्चा की है।

स्वच्छता और जल संरक्षण के मामले में इस तरह के अनेक कार्य देश के दूसरे हिस्सों में आम लोगों ने मिलकर किए हैं। ऐसे कार्य यही बताते हैं कि यदि आम जनता को सही नेतृत्व मिल सके और उन्हें प्रेरणा प्रदान की जा सके तो समाज और राष्ट्र के हित में ऐसे अनेक कार्य हो सकते हैं।



You may also like

Leave a Comment