बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया का लक्ष्य अपनी मूल कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन की वैश्विक दोपहिया बिक्री में अपना योगदान 50 प्रतिशत से ज्यादा करने का है। कंपनी को उम्मीद है कि उसकी नई विनिर्माण इकाई से घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों में इजाफा होगा। कंपनी के प्रबंध निदेशक केनिची उमेदा ने यह बात कही है।
वर्ष 2025-26 में, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसएमआईपीएल) ने अपनी सबसे ऊंची 14,39,415 इकाइयों की सालाना बिक्री दर्ज की है। यह 2024-25 की बिक्री 12,56,155 इकाई के आंकड़े से 15 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की घरेलू बिक्री पिछले वित्त वर्ष के 10,45,662 इकाई से 12 प्रतिशत बढक़र 11,74,874 इकाई हो गई, जबकि निर्यात 2,10,493 इकाई की तुलना में 26 प्रतिशत बढक़र 2,64,541 इकाई रहा। मूल कंपनी को अपनी भारतीय दोपहिया इकाई से क्या उम्मीदें हैं, इस पर उमेदा ने कहा, ‘‘कारों की तरह सुजुकी की मोटरसाइकिल इकाई की वैश्विक बिक्री में हिस्सेदारी 50 प्रतिशत के करीब है। भारत बेशक हमारे लिए सबसे जरूरी देशों में से एक है।’’ बाजार की अहमियत को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक स्कूटर ई-एक्सेस समेत सभी नए दोपहिया मॉडल सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन (एसएमसी) ने दुनिया भर में सबसे पहले भारत में ही पेश किए हैं।
उमेदा ने कहा, ‘‘हम नया संयंत्र इसलिए भी लगा रहे हैं क्योंकि हमारे पास ज़्यादा ‘मेक इन इंडिया’ उत्पाद होंगे और एसएमसी भी भारतीय बाजार पर खास ध्यान दे रही है, न सिर्फ कारों पर, बल्कि मोटरसाइकिल (दोपहिया) पर भी।’’ एसएमआईपीएल हरियाणा के खरखौदा में एक नया संयंत्र लगा रही है, जहा मारुति सुज़ुकी भी अपना नया कारखाना बना रही है। दोपहिया कंपनी नई इकाई पर करीब 1,174 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिसके 2027 में चालू होने की उम्मीद है, और इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 7.5 लाख इकाई की होगी।
हरियाणा के खेरकी दौला में कंपनी के मौजूदा संयंत्र की सालाना उत्पादन क्षमता 14 लाख इकाई है। जब उमेदा से पूछा गया कि क्या एसएमसी की वैश्विक बिक्री में कंपनी के योगदान में और बढ़ोतरी की गुंजाइश है, तो उन्होंने कहा कि एसएमआईपीएल में हम इसे बढ़ाना चाहते हैं।’’उन्होंने कहा कि एसएमआईपीएल दुनिया भर के करीब 77 देशों में निर्यात करती है, और खरखौदा संयंत्र बनने के बाद, कंपनी निर्यात में और बढ़ोतरी की योजना बना रही है।

