बिजऩेस रेमेडीज/नई दिल्ली/आईएएनएस SBI की एक रिपोर्ट के अनुसार Indian Credit Growth में कुछ संरचनात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जिसमें हेडलाइन बैंक क्रेडिट ग्रोथ और माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) क्रेडिट ने क्रेडिट ग्रोथ में समग्र हेडलाइन ट्रेंड को पीछे छोड़ दिया है। मौजूदा उधारकर्ताओं को ऋण की आपूर्ति में वृद्धि देखी गई है, जिसमें एमएसएमई सेक्टर की बैलेंस शीट में गंभीर चूक में महत्वपूर्ण सुधार देखा गया है, जिसे 90 से 120 दिनों के बकाया (डीपीडी) के रूप में मापा गया और ‘सब-स्टैंडर्ड’ के रूप में रिपोर्ट किया गया, जो घटकर पांच वर्ष के निचले स्तर 1.8 प्रतिशत पर आ गया है।
State Bank of India के समूह मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. सौम्य कांति घोष के अनुसार, यह सुधार, विशेष रूप से 50 लाख रुपए से 50 करोड़ रुपए तक के ऋण लेने वाले उधारकर्ताओं के बीच, पिछले वर्ष की तुलना में 35 आधार अंकों की गिरावट दर्शाता है। घोष ने रिपोर्ट में बताया है कि एमएसएमई सेक्टर की परिभाषा में बदलाव किया गया है। उदाहरण के लिए, मध्यम उद्यमों के लिए टर्नओवर सीमा बढ़ाकर 500 करोड़ रुपए कर दी गई है। इस प्रकार, एमएसएमई ऋण वृद्धि को और भी बढ़ाया जा सकता है। यूआरएन सीडिंग की मदद से एमएसएमई का औपचारिकीकरण एमएसएमई ऋण वृद्धि को आवश्यक प्रोत्साहन दे रहा है। उद्यम रजिस्ट्रेशन नंबर (यूआरएन) उन व्यवसायों के लिए एक स्थायी पहचान संख्या है, जो एमएसएमई परिभाषा के तहत खुद को पंजीकृत कराना चाहते हैं और गारंटी कवर प्राप्त करना चाहते हैं। SBI की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय उद्योग जगत ने अपनी बैलेंस शीट में महत्वपूर्ण सुधार किया है और अपनी कैश होल्डिंग में वृद्धि की है। पिछले दो वर्षों (वित्त वर्ष 2024 और वित्त वर्ष 2025) में, भारतीय कंपनियों के नकदी और बैंक बैलेंस में लगभग 18-19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कैश होल्डिंग में वृद्धि दर्ज करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में आईटी, ऑटोमोबाइल, रिफाइनरियां, बिजली, फार्मा आदि शामिल हैं।

