Tuesday, July 7, 2026 |
Home Corporate Worldडोरमैट, बैग, कालीन और तिरपाल निर्माण में काम आने वाले नॉन-वुवन फैब्रिक का निर्माण एवं आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी है ‘Spunweb Nonwoven Limited’

डोरमैट, बैग, कालीन और तिरपाल निर्माण में काम आने वाले नॉन-वुवन फैब्रिक का निर्माण एवं आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी है ‘Spunweb Nonwoven Limited’

14 जुलाई को खुलकर 16 जुलाई 2025 को बंद होगा कंपनी का आईपीओ

by Business Remedies
0 comments

जयपुर। गुजरात के राजकोट आधारित ‘Spunweb Nonwoven Limited’ डोरमैट, बैग, कालीन और तिरपाल निर्माण में काम आने वाले नॉन-वुवन फैब्रिक का निर्माण एवं आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूँजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण, पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, एसआईपीएल में कार्यशील पूँजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण हेतु निवेश, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ उधारों का पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।

कारोबारी गतिविधियां: 2015 में स्थापित, स्पनवेब नॉनवुवन लिमिटेड नॉन-वुवन फैब्रिक का निर्माता और आपूर्तिकर्ता है, जिनका उपयोग मुख्य रूप से डोरमैट, बैग, कालीन और तिरपाल जैसे अनुप्रयोगों में किया जाता है। कंपनी अपनी गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली के लिए जानी जाती है,जिसमें उच्च-गुणवत्ता वाले उत्पाद सुनिश्चित करने के लिए परीक्षण, निरीक्षण और विश्लेषण शामिल हैं।
कंपनी नॉन-वुवन फ़ैब्रिक, लैमिनेटेड और यूवी-ट्रीटेड नॉन-वुवन फ़ैब्रिक बनाती है।

कंपनी अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाओं का संचालन करती है, जिनमें यूनिवर्सल टेन्साइल टेस्टिंग और रीवेट प्रॉपर्टीज़ टेस्टिंग शामिल हैं। कंपनी अपने उत्पादों का निर्यात उत्तरी अमेरिका, यूरोप और मध्य पूर्व में करती है। कंपनी की दो-तिहाई से ज़्यादा राजस्व स्वच्छता क्षेत्र में फ़ैब्रिक की मांग से आता है, जबकि शेष राजस्व चिकित्सा, पैकेजिंग, कृषि और निर्माण उद्योगों में उपयोग से आता है।

कंपनी के ग्राहकों में आरजीआई मेडिटेक प्राइवेट लिमिटेड, मिलेनियम बेबीकेयर्स लिमिटेड, सेखानी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, मायरा हाइजीन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, रोटेक हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, पोलिगॉफ माइक्रो हाइजीन (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सेलस प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, क्वालिटीक्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, जेडीएस नॉनवुवन, व्योम नॉनवुवन आदि शामिल हैं।
कंपनी ने अपने उत्पादों का निर्यात संयुक्त राज्य अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, इटली, मिस्र, सऊदी अरब, श्रीलंका, नेपाल, केन्या और नाइजीरिया जैसे देशों में किया है। कंपनी के दो विनिर्माण संयंत्र हैं।

कंपनी की कुल निर्माण क्षमता 33,777 वर्ग मीटर है जिसमें से एसएनएल की निर्माण क्षमता 18,197 वर्ग मीटर और एसआईपीएल (अधिग्रहित कंपनी) की निर्माण क्षमता 15,580 वर्ग मीटर है।
कंपनी भारत में स्पनबॉन्ड नॉन-वुवन फ़ैब्रिक उद्योग की सबसे बड़ी निर्माताओं में से एक है। कंपनी अपने उत्पादों का विपणन घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाज़ारों में करती है। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में हाइड्रोफोबिक नॉनवॉवन फ़ैब्रिक, हाइड्रोफिलिक नॉनवॉवन फ़ैब्रिक, सुपर सॉफ्ट नॉनवॉवन फ़ैब्रिक, यूवी उपचारित फ़ैब्रिक, एंटीस्टेटिक नॉनवॉवन फ़ैब्रिक और एफआर उपचारित फ़ैब्रिक शामिल हैं।

कंपनी 7 से 150 जीएसएम की रेंज के साथ 1.6 मीटर, 2.6 मीटर और 3.2 मीटर की चौड़ाई में नॉन-वॉवन फ़ैब्रिक बनाती है। वित्त वर्ष 2025 तक, कंपनी ने भारत में 485 से अधिक ग्राहकों और 20 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय ग्राहकों को सेवाएँ प्रदान की है। कंपनी ने 30 दिसंबर, 2024 को स्पनवेब इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसआईपीएल/टारगेट कंपनी), एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का भी अधिग्रहण किया है, जो इसी व्यवसाय में है। 31 मई, 2025 तक, कंपनी में 199 कर्मचारी कार्यरत थे।

वित्तीय प्रदर्शन:वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने परिचालन से 115.91 करोड़ रुपए का राजस्व और 1.12 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने परिचालन से 148.61 करोड़ रुपए का राजस्व और 5.44 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने परिचालन से 226.35 करोड़ रुपए का राजस्व और 10.79 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।

वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 4.75 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।
वित्त वर्ष 2025 में तक कंपनी की असेट 182.76 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 43.15 करोड़ रुपए और रिजर्व एवं सरप्लस 27.30 करोड़ रुपए है।

प्रवर्तकों का अनुभव:
32 वर्षीय जय दिलीपभाई कगथारा कंपनी के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और प्रमोटर हैं। उन्होंने गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से उच्चतर माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की है और उन्हें नॉन-वुवन फ़ैब्रिक निर्माण के क्षेत्र में नौ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे नवंबर 2015 से कंपनी से जुड़े हुए हैं। वे समग्र प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और संगठन के लिए कच्चे माल की खरीद की देखरेख करते हैं।

 

28 वर्षीय किशन दिलीपभाई कगथारा कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और प्रमोटर हैं। उन्होंने सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी की डिग्री और कोवेंट्री यूनिवर्सिटी से ग्लोबल बिजनेस में बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। सेल्स मार्केटिंग में पाँच वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, वे नवंबर 2019 से कंपनी से जुड़े हुए हैं और एक्सपेंशन सेल्स और मार्केटिंग विभागों में सक्रिय रूप से योगदान देते हैं।

एंकर निवेशकों का समर्थन: आईपीओ को प्रमुख एंकर निवेशकों का अच्छा समर्थन हासिल हुआ है। बुक रनिंग लीड मैनेजर की सलाह से एंकर निवेशकों को 96 रुपए प्रति शेयर के भाव पर कुल 18,03,600 शेयरों का एलोकेशन किया गया है। माविरा ग्रोथ ऑपर्च्युनिटीज फंड को 3,55,200 शेयर, स्टेप्ट्रेड रेवोल्यूशन फंड को
1,04,400 शेयर, इनविक्टा कॉन्टिनम फंड को 2,08,800 शेयर, मैटरहॉर्न इंडिया फंड को 1,56,000 शेयर, 31 डिग्री नॉर्थ फंड को 2,08,800 शेयर, फिनावेन्यू कैपिटल ट्रस्ट-फिनावेन्यू ग्रोथ फंड को 3,52,800 शेयर, विकास इंडिया ईआईएफ फंड इनक्यूब ग्लोबल ऑपर्च्युनिटीज को 2,08,800 शेयर, एबंडेंशिया कैपिटल वीसीसी एबंडेंशिया कैपिटल III को 2,08,800 शेयर एलोकेट किए गए हैं।

आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘स्पनवेब नॉनवुवन लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 14 जुलाई को खुलकर 16 जुलाई 2025 को बंद होगा।‌ कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 63,51,600 शेयर 90 से 96 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 60.98 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी विवरो फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment