बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनका मंत्रालय तीन महीने के भीतर तीन लाख करोड़ रुपये के सडक़ अनुबंध जारी करेगा। उन्होंने कहा कि मंत्रालय चालू वित्त वर्ष में कुल पांच लाख करोड़ रुपये के ठेके जारी करेगा। गडकरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव और आदर्श आचार संहिता के कारण चालू वित्त वर्ष के शुरुआती महीनों में सडक़ परियोजनाएं देने की गति धीमी रही। उन्होंने कहा, “मैं आपको आश्वासन देता हूं कि तीन महीने के भीतर हम तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के (सडक़) अनुबंधों को अंतिम रूप दे देंगे और हमारा लक्ष्य मार्च, 2025 तक पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक के (सडक़) अनुबंध देने का है।” गडकरी ने कहा कि मंत्रालय के पास बहुत सारी सडक़ परियोजनाएं प्रक्रिया में हैं और इन परियोजनाओं के लिए धन जुटाना कोई समस्या नहीं होगी, क्योंकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की पूंजी बाजार में बहुत अच्छी प्रतिष्ठा है।

