नई दिल्ली/टोरंटो : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री Piyush Goyal पीयूष गोयल ने कनाडा के प्रमुख पेंशन फंड, सॉवरेन निवेशकों, संस्थागत निवेशकों और कनाडा-भारत व्यापार परिषद के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भारत की तेज आर्थिक प्रगति और निवेश के बढ़ते अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा।
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा आधारभूत ढांचे के विकास, वित्तीय क्षेत्र सुधार और Ease Of Doing Business पर लगातार काम किया जा रहा है। इससे वैश्विक निवेशकों के लिए अभूतपूर्व अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने निवेशकों को स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, डिजिटल आधारभूत ढांचा, एआई, विनिर्माण और सप्लाई चेन विविधीकरण जैसे क्षेत्रों में भारत के साथ साझेदारी करने का निमंत्रण दिया। मंत्री कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री Maninder Sidhu मनींदर सिद्धू के साथ ‘कनाडा-भारत निवेश गोलमेज सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान दोनों देशों के बीच वित्तीय बाजारों में सहयोग बढ़ाने और सतत विकास को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और कनाडा के बीच सहयोग बढ़ाने से दोनों देशों को साझा समृद्धि और दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती मिलेगी। इसके अलावा मंत्री ने V. Prem Watsa वी. प्रेम वत्सा से भी मुलाकात की। बैठक में भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, आधारभूत ढांचा, वित्तीय सेवाएं, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स का भारत में लंबे समय से निवेश रहा है और कंपनी ने बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान दिया है।
पीयूष गोयल ने Philip Witherington फिलिप विदरिंगटन के साथ भी बैठक की। इस दौरान भारत के तेजी से बढ़ते वित्तीय सेवा क्षेत्र में निवेश और सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा हुई। वहीं Kevin Strain केविन स्ट्रेन के साथ हुई बैठक में बीमा, रिटायरमेंट समाधान, स्वास्थ्य वित्तपोषण और दीर्घकालिक निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत हुई। मंत्री ने कहा कि सन लाइफ का भारत के बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इसके अतिरिक्त Rahim Suleman रहीम सुलेमान के साथ बैठक में महत्वपूर्ण खनिज, रेयर अर्थ प्रोसेसिंग और उन्नत सामग्री क्षेत्रों में भारत-कनाडा साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने वैश्विक मांग को देखते हुए भरोसेमंद सप्लाई चेन विकसित करने और मूल्य संवर्धन बढ़ाने पर भी विचार किया। भारत सरकार का मानना है कि तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, मजबूत नीतिगत सुधार और निवेश के अनुकूल माहौल आने वाले वर्षों में विदेशी निवेशकों के लिए भारत को सबसे आकर्षक बाजारों में शामिल कर सकता है।

