अमेरिका की प्रौद्योगिकी कंपनी Microsoft ने अपने कर्मचारियों के लिए Anthropic के Claude Code तक पहुंच कम करना शुरू कर दिया है। कंपनी अब अपने इंजीनियरों को GitHub Copilot CLI की ओर बढ़ा रही है, क्योंकि एआई आधारित कोडिंग टूल्स के बढ़ते उपयोग से कंपनी की कंप्यूटिंग लागत तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट ने पहले Claude Code की सुविधा हजारों कर्मचारियों तक बढ़ाई थी। इसमें डेवलपर्स, प्रोजेक्ट मैनेजर्स और डिजाइनर्स शामिल थे। कंपनी का उद्देश्य कर्मचारियों को एआई सहायता वाले कोडिंग टूल्स के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना था। हालांकि, बहुत तेजी से बढ़ते उपयोग के कारण कंपनी का परिचालन खर्च काफी बढ़ गया। इसी वजह से अब माइक्रोसॉफ्ट इस सुविधा को सीमित कर रही है। इसके बावजूद माइक्रोसॉफ्ट और एंथ्रोपिक के बीच साझेदारी जारी रहेगी।
माइक्रोसॉफ्ट का एंथ्रोपिक के साथ अरबों डॉलर का Foundry समझौता अभी भी कायम है। इसके तहत कंपनी क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर सहायता और Azure सेवाओं के माध्यम से Claude मॉडल्स की सुविधा देती रहेगी। दुनियाभर की कई प्रौद्योगिकी कंपनियां इस समय Generative AI टूल्स पर बढ़ते खर्च से जूझ रही हैं। बड़ी भाषा आधारित एआई प्रणालियों में Token आधारित मूल्य निर्धारण मॉडल अपनाया जाता है। इसमें कंपनियों से एआई द्वारा संसाधित और तैयार किए गए टेक्स्ट की मात्रा के आधार पर शुल्क लिया जाता है।
इसी बीच Uber के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी प्रवीण नेप्पल्ली नागा ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा भारी उपयोग के कारण कंपनी का वर्ष 2026 का पूरा एआई कोडिंग बजट केवल पहले 4महीनों में ही समाप्त हो गया। वित्तीय संस्था Goldman Sachs का अनुमान है कि वर्ष 2030 तक Agentic AI सिस्टम्स के कारण Token उपयोग में भारी वृद्धि हो सकती है। कंपनियां अपने संचालन में बड़े स्तर पर एआई एजेंट्स का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं, जिससे लागत और अधिक बढ़ने की संभावना है।
शोध संस्था Gartner ने भी कहा है कि भविष्य में उन्नत एआई मॉडल्स को चलाने की लागत घट सकती है, लेकिन कंपनियों का कुल एआई खर्च फिर भी बढ़ेगा। इसकी वजह यह है कि नए Agentic AI सिस्टम्स प्रत्येक कार्य में अधिक Token उपयोग करते हैं। इस महीने की शुरुआत में Meta Platforms, Oracle और Cloudflare समेत कई बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने एआई पर फोकस बढ़ाने के लिए कर्मचारियों की छंटनी और पुनर्गठन जैसे कदम उठाए थे।

