बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। देश की प्रमुख वाहन कंपनी Maruti Suzuki India (एमएसआई) की मार्च, 2026 में कुल बिक्री 16.72 प्रतिशत बढ़ी है। कंपनी ने बुधवार को कहा कि पिछले महीने उसने कुल 2,25,251 इकाइयां बेचीं, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 1,92,984 इकाई था।
Maruti Suzuki India ने शेयर बाजार को बताया कि पिछले महीने घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की कुल बिक्री 1,66,219 इकाई रही, जो मार्च, 2025 के 1,50,743 इकाई की तुलना में 10.27 प्रतिशत अधिक है। Alto और S-Presso सहित छोटी कारों की बिक्री पिछले साल के इसी महीने के 11,655 इकाइयों के मुकाबले 11,741 इकाई रही। Baleno, Celerio, Dzire, Ignis, Swift और WagonR सहित कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री पिछले महीने बढ़कर 71,789 इकाई हो गई, जो मार्च, 2025 में 66,906 इकाई थी। Brezza, Ertiga, E Vitara, Fronx, Grand Vitara, Invicto, Jimny, Victoris और XL6 जैसे यूटिलिटी वाहनों की बिक्री पिछले साल के इसी महीने की 61,097 इकाइयों के मुकाबले बढ़कर 71,356 इकाई रही।
Maruti Suzuki India ने कहा कि हल्के वाणिज्यिक वाहन ‘Super Carry’ की बिक्री 3,209 इकाई रही, जो पिछले साल इसी महीने में 2,391 इकाई थी। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान उसकी कुल बिक्री 24,22,713 इकाई रही, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 22,34,266 इकाई था।



