Saturday, November 21, 2026 |
Home Main Newsकृषि निर्यात अप्रैल-सितंबर में तेजी से बढ़ा

कृषि निर्यात अप्रैल-सितंबर में तेजी से बढ़ा

by Business Remedies
0 comments

बासमती चावल और प्रोसेस्ड फ्रोजन आलू सबसे आगे रहे
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-सितंबर के दौरान भारत के कृषि निर्यात में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। इस वृद्धि में बासमती चावल, प्रोसेस्ड फ्रोजन आलू और येलो डेंट कॉर्न का प्रमुख योगदान रहा। यह जानकारी शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में दी गई। बयान में कहा गया कि बासमती चावल का निर्यात 25.4 प्रतिशत बढक़र 1.6 अरब डॉलर हो गया, जबकि प्रोसेस्ड आलू का निर्यात 20.8 प्रतिशत बढक़र 17.9 करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया। वहीं, येलो डेंट कॉर्न के निर्यात में करीब 12 गुना वृद्धि दर्ज की गई। पश्चिम एशिया, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया के साथ-साथ अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात की मजबूत वृद्धि भारत के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की बढ़ती वैश्विक पहुंच को दर्शाती है।
ईरान भारत के बासमती चावल का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा
बासमती चावल के निर्यात में पश्चिम एशिया, उत्तरी अमेरिका और अन्य क्षेत्रों के कई प्रमुख बाजारों में वृद्धि दर्ज की गई। ईरान भारत के बासमती चावल का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा। यहां निर्यात का मूल्य 44.1 प्रतिशत बढक़र 12.98 करोड़ डॉलर से 18.71 करोड़ डॉलर हो गया। सऊदी अरब में निर्यात 7.9 प्रतिशत बढक़र 17.44 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया, जबकि अमेरिका में 27.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ निर्यात 13.98 करोड़ डॉलर हो गया। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में निर्यात 50 प्रतिशत से अधिक बढक़र इस अवधि के दौरान 13.83 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। यमन, ओमान और जॉर्डन भी ऐसे अन्य प्रमुख गंतव्य रहे, जहां चावल के निर्यात में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।
पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया के कई बाजारों में निर्यात वृद्धि दर्ज
कनाडा, कतर, नेपाल, मॉरीशस और इटली सहित अन्य देशों में भी इस अवधि के दौरान बासमती चावल के निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई। यह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय बासमती चावल की बढ़ती भौगोलिक पहुंच को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-सितंबर के दौरान भारत से फ्रोजन आलू का निर्यात 20.8 प्रतिशत बढक़र 14.85 करोड़ डॉलर से 17.94 करोड़ डॉलर हो गया। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया के कई बाजारों में निर्यात वृद्धि दर्ज की गई। फिलीपींस भारत के फ्रोजन आलू का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना रहा, जहां निर्यात 3.67 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया। इसके बाद सऊदी अरब का स्थान रहा, जहां निर्यात 2.43 करोड़ डॉलर दर्ज किया गया। इंडोनेशिया में निर्यात 75 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि के साथ 1.33 करोड़ डॉलर हो गया। वहीं, जापान को निर्यात दोगुने से अधिक बढक़र 1.32 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
वियतनाम येलो डेंट कॉर्न का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना
येलो डेंट कॉर्न के निर्यात में भी तेज वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष,2025-26 में अप्रैल-सितंबर के दौरान इसका निर्यात 97.8 लाख डॉलर था, जो वित्त वर्ष 2026-27 की समान अवधि में बढक़र 12.282 करोड़ डॉलर हो गया। इस तेज वृद्धि के पीछे कई एशियाई बाजारों में निर्यात में तेज बढ़ोतरी रही। वियतनाम भारत के येलो डेंट कॉर्न का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बनकर उभरा। यहां निर्यात 20 हजार डॉलर से बढक़र 6.994 करोड़ डॉलर हो गया, जो असाधारण वृद्धि को दर्शाता है। बयान में कहा गया कि यह प्रदर्शन पारंपरिक बाजारों में मजबूत मांग, नए बाजारों में तेजी से बढ़ते निर्यात और भारत के कृषि निर्यात में बढ़ते भौगोलिक विविधीकरण का परिणाम है।



You may also like

Leave a Comment