Friday, November 20, 2026 |
Home Main Newsइंडस्ट्री घरेलू क्षमता विकास पर दे ध्यान

इंडस्ट्री घरेलू क्षमता विकास पर दे ध्यान

by Business Remedies
0 comments

पीएम मोदी बोले, संसाधनों का हो रहा हथियार के रूप में इस्तेमाल
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि मौजूदा समय में दुनिया में संसाधनों का इस्तेमाल हथियार के रूप में हो रहा है और इंडस्ट्री को घरेलू स्तर पर क्षमता विकसित करने पर फोकस करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने फिक्की की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का अवसर विशेष है। फिक्की अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है। किसी संस्था का 100 वर्षों तक सतर्क और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ लगातार विकसित होना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना, एक बड़ी उपलब्धि है।
इंडस्ट्री आत्मचिंतन करें की बीस वर्षों में क्या हासिल करना है?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आगे बढऩे से जरूरी है कि हम समय-समय आत्मचिंतन करें। यह बात केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री और देश पर भी लागू होती है। इंडस्ट्री के लिए भी जरूरी है कि वो आत्मचिंतन करें और तय करें अगले 20 वर्षों में क्या हासिल करना है और 2047 विकसित भारत में कैसे योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब संसाधनों को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इंडस्ट्री को ऐसे क्षेत्रों में आगे बढऩा चाहिए, जिसकी मांग राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो।
देश को मिनरल में भी करनी होगी विशेषज्ञता हासिल
प्रधानमंत्री ने फार्मा इंडस्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश आज भी एपीआई और इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है। ऐसे में इ़ंडस्ट्री को सोचना होगा कि कौन-सी चीजों को भारत में विकसित किया जा सकता है। ऐसी ही स्थिति कई और क्षेत्रों में है। देश को मिनरल में भी विशेषज्ञता हासिल करनी होगी। पीएम ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। दुनिया की कई बड़ी संस्थाओं का अनुमान है कि देश की विकास दर इस साल 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। भारत का अक्टूबर में निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया है, जो कि किसी एक महीने में देश द्वारा किया गया अब तक का सबसे अधिक निर्यात है। इन्हीं उपलब्धियों के चलते मूडीज, एसएंडपी, फिच रेटिंग और वल्र्ड बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास दर को ऊपर की ओर बढ़ा रही है।

पचास करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला बाहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन में कहा कि 1970 के दशक में, जब गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, तब भारत की जनसंख्या लगभग 50 करोड़ थी। उस समय भी गरीबी को खत्म किया जा सकता था, लेकिन फिक्की इस बात का गवाह है कि उस समय की नीतियों में कमियां थीं और दुर्भाग्य से, सही इरादे की भी कमी थी। जब हमने सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम किया, तो महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने इंडस्ट्री से अपील करते हुए कहा कि अगले 20 वर्षों में अपने हर दीर्घकालिक निवेश निर्णय में इंडिया फस्र्ट को अपना आधार बनाएं। इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और आपके व्यापार की वृद्धि के लिए भी नया अवसर खुलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लिए भी जरूरी है कि वो आत्मचिंतन करें और तय करें अगले 20 वर्षों में क्या हासिल करना है और 2047 विकसित भारत में कैसे योगदान दे सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर आगे बढ़ रहा है, तो सरकार भी आपके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है।



You may also like

Leave a Comment