बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। उत्तराखंड के काशीपुर आधारित ‘केवीएस कास्टिंग्स लिमिटेड’ कास्ट आयरन, एसजी आयरन, एलॉय स्टील और स्टेनलेस स्टील कास्टिंग के निर्माण क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा पूंजीगत व्यय राशि जुटाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2005 में निगमित, केवीएस कास्टिंग्स लिमिटेड कास्ट आयरन, एसजी आयरन, एलॉय स्टील और स्टेनलेस स्टील कास्टिंग के निर्माण में संलग्न है। कंपनी ऑटोमोबाइल, लोकोमोटिव और इंजीनियरिंग क्षेत्रों के लिए कॉम्पोनेंट्स के उत्पादन में विशेषज्ञता रखती है और नवाचार तथा गुणवत्ता मानकों के पालन पर ज़ोर देती है। कंपनी 150 से ज़्यादा उत्पादों के साथ एक संपूर्ण कास्टिंग समाधान प्रदान करती है, जिसमें सस्पेंशन ब्रैकेट, ब्रेक ड्रम, गियरबॉक्स हाउसिंग, पंप बॉडी, ऑयल फ़िल्टर आदि शामिल हैं, जो कास्ट आयरन से लेकर स्टेनलेस स्टील तक से बने होते हैं।
प्रोडक्ट पोर्टफोलियो:
गियर शिफ्टर: दोपहिया वाहन का गियर ट्रांसमिशन भाग।
कंप्रेसर फ्रंट हाउसिंग: यात्री कार एयर कंडीशनिंग सिस्टम के लिए कवर हाउसिंग।
लीवर शिफ्ट: यात्री कार के गियर ट्रांसमिशन सिस्टम के लिए गियर शिफ्टिंग लीवर।
ऑयल फिल्टर: यात्री कार के लिए ऑयल फ़िल्टरेशन प्रणाली का असेंबली भाग।
ऐस ब्रेक ड्रम: हल्के वाणिज्यिक वाहन ब्रेकिंग सिस्टम का रियर ब्रेक ड्रम।
31 मार्च, 2025 तक, कंपनी में 121 स्थायी कर्मचारी कार्यरत थे।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 57.51 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 4.84 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 54.70 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 5.95 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 50.43 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 6.63 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि वर्ष दर वर्ष कंपनी का राजस्व एवं लाभ बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 13.22 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की कुल असेट 47.75 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 34.45 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 20.67 और कुल कर्ज 3.72 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.11 का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार ना के बराबर है।
प्रवर्तकों का अनुभव
41 वर्षीय अर्पण जिंदल कंपनी के प्रमोटर और प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने एमिटी विश्वविद्यालय से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने 2005 में स्थापित एक साझेदारी फर्म, काशी एंटरप्राइजेज में एक भागीदार के रूप में कार्य किया। प्रबंधन और कास्टिंग उद्योग में 16 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने कंपनी के आधुनिकीकरण और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्हें कंपनी के समग्र प्रबंधन और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

68 वर्षीय देवेंद्र कुमार अग्रवाल कंपनी के प्रमोटर और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। उन्हें 10 जुलाई, 2019 को गैर-कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने कानपुर विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें ऑटो कंपोनेंट्स कास्टिंग और अन्य कास्टिंग सहित कास्टिंग उद्योग में 33 वर्षों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने केवीएस प्रीमियर समूह को उल्लेखनीय विकास और प्रगति की ओर अग्रसर किया है।
63 वर्षीया रेखा अग्रवाल कंपनी की प्रमोटर और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। उन्हें 17 जून, 2024 को निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने रोहिलखंड विश्वविद्यालय (बरेली) से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें कंपनी की सीएसआर गतिविधियों के प्रबंधन में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है और वे केवीएस प्रीमियर फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं।

39 वर्षीया वेणु जिंदल कंपनी की प्रमोटर और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। उन्हें 17 जून, 2024 को निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें डिजिटल मार्केटिंग में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे समूह की सभी कॉर्पोरेट डिजिटल मार्केटिंग गतिविधियों के पीछे एक मार्गदर्शक शक्ति हैं।
आईपीओ की जानकारी: ‘केवीएस कास्टिंग्स लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 30 सितंबर 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 49,70,000 शेयर 53 से 56 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 27.83 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

