जयपुर। देश की प्रमुख ग्रे एवं व्हाइट सीमेंट निर्माण व बिक्री कंपनी जेके सीमेंट लिमिटेड ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही और वार्षिक वित्तीय परिणाम प्रस्तुत किए हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: स्टेंडलोन बैलेंस शीट के अनुसार 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 3378 करोड़ रुपए के परिचालन राजस्व के मुकाबले 9 फीसदी अधिक 3684 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया है। इसी प्रकार 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 412 करोड़ रुपए के कर पश्चात शुद्ध लाभ के मुकाबले 17 फीसदी कम 345 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 11,187 करोड़ रुपए के परिचालन राजस्व के मुकाबले 16 फीसदी अधिक 12,945 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया है। इसी प्रकार 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 851 करोड़ रुपए के कर पश्चात शुद्ध लाभ के मुकाबले 21 फीसदी अधिक 1033 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
शनिवार को हुई बोर्ड मीटिंग में कंपनी के निदेशक मंडल ने शेयर धारकों को प्रति शेयर 20 रुपए का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। चौथी तिमाही में फ्यूल और लॉजिस्टिक संबंधित लागत बढ़ने से कंपनी की बॉटम लाइन प्रभावित हुई है।
सीएसआर खर्च और सामाजिक प्रभाव: वित्तीय वर्ष 2026 कंपनी ने सीएसआर मद में 48.60 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इसमें से शिक्षा पर 15.08 करोड़ रुपए, स्वास्थ्य पर 14.72 करोड़ रुपए और सामुदायिक विकास पर 18.80 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कंपनी का 20 लाख से अधिक लोगों के सामाजिक उत्थान और गरीबी उन्मूलन में योगदान रहा। इन कार्यों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह के लाभार्थी प्रभावित हुए हैं। कंपनी द्वारा 500 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए आईआईटी कानपुर को योगदान दिया गया है। कंपनी के योगदानों में उच्च/माध्यमिक शिक्षा, पशु प्रजनन कार्यक्रम,कुपोषित बच्चों के लिए दवा और पोषण किट का वितरण,प्राथमिक विद्यालय में शौचालयों का नवीनीकरण, महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण, मरम्मत और निर्माण, सीसी सड़कों का निर्माण और सौर ऊर्जा लाइटों की स्थापना संबंधित योगदान शामिल हैं।

