भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,677 अंक टूटा, निफ्टी 2% से ज्यादा फिसला
मुंबई | बीआर न्यूज नेटवर्क | अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ने और क्रूड ऑयल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस बीच घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी में 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इस तरह पिछले कई दिनों की बढ़त का सिलसिला थम गया है। वहीं वैश्विक स्तर पर क्रूड ऑयल की कीमतों में भी 6 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली।
निफ्टी भी 2 प्रतिशत से ज्यादा गिरा
बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला BSE Sensex 1,677.12 अंकों यानी 2.15 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 76,503.60 पर पहुंच गया, तो वहीं NSE Nifty 50 516.65 (2.12 प्रतिशत) फिसलकर 23,882.05 पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स अपने पिछले बंद 78,180.72 से 364.27 अंक यानी 0.46 प्रतिशत गिरकर 77,816.45 पर खुला और दिन के कारोबार में इसने 2.45 प्रतिशत यानी 1,921.69 अंक फिसलकर 76,259.03 का इंट्रा-डे लो टच किया। वहीं, Nifty 50 अपने पिछले बंद 24,398.70 से 139.15 अंक यानी 0.57 प्रतिशत गिरकर 24,259.55 पर खुला और दिन के कारोबार में इसने 593.5 अंकों यानी 2.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,805.20 का दिन का निम्नतम स्तर छुआ। इस तरह दोनों प्रमुख सूचकांकों ने तीन महीने से अधिक समय में सबसे खराब प्रदर्शन दर्ज किया।
निफ्टी पीएसयू बैंक का प्रदर्शन रहा सबसे खराब
व्यापक बाजारों में, Nifty Midcap Index में 1.7 प्रतिशत और Smallcap Index में 2.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सेक्टरवार देखें तो सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। Nifty PSU Bank और Nifty Bank का प्रदर्शन सबसे खराब रहा। पीएसयू बैंकों के शेयरों में 2.56 प्रतिशत की गिरावट आई, इसके बाद Nifty Bank (-2.40 प्रतिशत), Nifty Private Bank (-2.42 प्रतिशत), Nifty FMCG (-2.39 प्रतिशत) और Nifty Media (-2.33 प्रतिशत) में भी गिरावट दर्ज की गई। Nifty 50 Index में, सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में Jio Financial, InterGlobe Aviation, Shriram Finance, Maruti Suzuki और HUL शामिल रहे, जबकि लाभ कमाने वाले शेयरों में ONGC, Bajaj Auto, Hindalco और Coal India शामिल रहे।
हमले किए जाने के बाद बातचीत रहेगी जारी
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तब बढ़ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम समाप्त हो गया है, लेकिन Hormuz Strait में दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर हमले किए जाने के बाद बातचीत जारी रह सकती है।
डॉलर के मुकाबले रुपया भी गिरा
इस बीच, भारतीय रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले 58 पैसे गिरकर 95.55 पर बंद हुआ, जबकि मंगलवार को यह 94.97 पर बंद हुआ था।
ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंता
वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 6 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई, जिससे पश्चिम एशिया से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क Brent Crude में 6.52 प्रतिशत या 4.69 डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह 80 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार करता नजर आया|

