भुज,
भारतीय ध्वज वाला कच्चे तेल का जहाज ‘जग लाडकी’ गुजरात के अदाणी पोर्ट्स के मुंद्रा टर्मिनल पर सुरक्षित रूप से पहुँच गया है। यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात से लगभग 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आया है, जिससे देश की ऊर्जा जरूरतों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इस जहाज को फुजैराह पोर्ट पर लोड किया गया था और बुधवार को इसे मुंद्रा पर सफलतापूर्वक खड़ा किया गया। जहाज की कुल लंबाई 274.19 मीटर है, जबकि इसकी चौड़ाई 50.04 मीटर बताई गई है। इसकी वहन क्षमता करीब 1,64,716 टन और कुल टन भार लगभग 84,735 टन है। अदाणी पोर्ट्स के प्रवक्ता ने बताया कि जहाज को सुरक्षित रूप से खड़ा करने के लिए सभी जरूरी समुद्री समन्वय किए गए थे। उन्होंने कहा कि मुंद्रा पोर्ट लगातार देश की ऊर्जा ढांचे को मजबूत करने में योगदान दे रहा है और महत्वपूर्ण ऊर्जा आयात को सुरक्षित तरीके से संभाल रहा है।
इस जहाज से लाया गया कच्चा तेल रिफाइनरी संचालन में उपयोग किया जाएगा, जिससे उत्पादन बनाए रखने और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो रही है। इससे पहले भी भारत के पश्चिमी बंदरगाहों पर ऊर्जा से जुड़े दो जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ हाल ही में पहुँचे थे। ये दोनों जहाज तरलीकृत पेट्रोलियम गैस लेकर आए थे और संवेदनशील होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रास्ता तय कर भारत पहुँचे।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहाँ से दुनिया के कुल समुद्री तेल आपूर्ति का लगभग एक-पाँचवां हिस्सा गुजरता है। इस क्षेत्र में सुरक्षा जोखिमों के चलते कई बार बाधाएं आई हैं, जिसके बाद भारत सरकार ने कूटनीतिक प्रयासों के जरिए ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने के कदम उठाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि देश में ऊर्जा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। मुंद्रा पोर्ट पर कच्चे तेल को उतारने का काम सभी सुरक्षा और पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए किया जाएगा, जिसकी निगरानी पोर्ट और रिफाइनरी के अधिकारी करेंगे।

