बिज़नेस रेमेडीज/जयपुर। मुंबई में जल्द ही आयोजित होने वाला इंडिया इंटरनेशनल ज्वेलरी शो (आईआईजेएस) देश के जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबारियों के लिए बड़ा अवसर बनकर सामने आएगा। इस बार शो में रिकॉर्ड संख्या में देशी व विदेशी खरीददार, प्रदर्शक और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस शो में काफी अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। जयपुर सहित देशभर के निर्यातकों, डिजाइनर्स और कारीगरों के लिए यह शो नए बाजार खोलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने का एक सुनहरा मंच बन गया है। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) के अनुसार, आईआईजेएस प्रीमियर-2025 का आयोजन 30 जुलाई से 3 अगस्त तक मुंबई के जियो वल्र्ड कन्वेंशन सेंटर (जेडब्ल्यूसीसी) में और 31 जुलाई से 4 अगस्त तक मुंबई के बॉम्बे एक्जीबिशन सेंटर (बीईसी) में किया जाएगा।
भारत-यूके ट्रेड डील से आईआईजेएस व जयपुर के ज्वेलरी व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
हाल ही में हुए भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते से जयपुर के रत्न व आभूषण निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा। इस डील का मुंबई में होने वाले आगामी आईआईजेएस शो पर भी काफी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। अब यूके में ज्वेलरी पर लगने वाला 2.5-4 फीसदी आयात शुल्क समाप्त हो गया है, जिससे जयपुरी ज्वेलरी की कीमतें प्रतिस्पर्धी होंगी। जेम्स एंड ज्वेलरी निर्यात में अगले दो वर्षों में दोगुनी वृद्धि संभव है। यह डील ना केवल निर्यात बढ़ाएगी, बल्कि कारीगरों, डिजाइनर्स व एमएसएमई के लिए भी नए अवसर खोलेगी।
-नीरज लूणावत, मानद् मंत्री, ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर

