जयपुर | बिजनेस रेमेडीज
जयपुर आधारित जेनक्सएआई एनालिटिक्स लिमिटेड, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित एंटरप्राइज प्रदर्शन एवं विश्लेषण समाधान उपलब्ध कराने वाली प्रौद्योगिकी कंपनी है। कंपनी अपने कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं के वित्तपोषण, बकाया ऋणों के आंशिक अथवा पूर्ण पुनर्भुगतान एवं पूर्व भुगतान, नए उत्पादों के विकास पर होने वाले व्यय तथा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति के लिए एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर अपना IPO लेकर आई है। कंपनी का IPO आज, 5 जून 2026 से निवेशकों के लिए खुल गया है और 9 जून 2026 को बंद होगा। वर्ष 2007 में स्थापित जेनक्सएआई एनालिटिक्स लिमिटेड एक प्रौद्योगिकी-केंद्रित कंपनी है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित एंटरप्राइज प्रदर्शन एवं विश्लेषण समाधान प्रदान करती है। कंपनी के उत्पाद और सेवाएं विभिन्न संगठनों को उनके कार्यप्रवाह को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, प्रणालियों के प्रदर्शन को बेहतर करने तथा परिचालन दक्षता बढ़ाने में सहायता प्रदान करते हैं। कंपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कार्यप्रवाह और विश्लेषण उपकरण उपलब्ध कराती है, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता संचालित अनुशंसा प्रणाली तथा सामग्री निर्माण सुविधाएं शामिल हैं। ये उपकरण मौजूदा सूचना प्रौद्योगिकी प्रणालियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रियाओं को स्वचालित बनाते हैं तथा डेटा आधारित निर्णय लेने में सहायता करते हैं।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने कुल ₹.16.61करोड़ का राजस्व अर्जित किया था तथा कर पश्चात शुद्ध लाभ ₹.84.38लाख रहा था। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कुल राजस्व बढ़कर ₹.24.21करोड़ हो गया, जबकि कर पश्चात शुद्ध लाभ ₹.2.65करोड़ दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने ₹.28.88करोड़ का कुल राजस्व अर्जित किया और कर पश्चात शुद्ध लाभ ₹.6.55करोड़ रहा। वहीं, वित्त वर्ष 2026 में 31 दिसंबर 2025 को समाप्त अवधि के दौरान कंपनी ने ₹.64.47करोड़ का राजस्व अर्जित किया तथा कर पश्चात शुद्ध लाभ ₹.13.31करोड़ दर्ज किया। इस अवधि में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन लगभग 16.58प्रतिशत रहा, जो कंपनी की बेहतर लाभप्रदता और मजबूत परिचालन क्षमता को दर्शाता है।
IPO के अंतर्गत कंपनी 10रुपये अंकित मूल्य वाले 47,28,000 इक्विटी शेयर Book Built Issue प्रणाली के माध्यम से जारी कर रही है। शेयरों का मूल्य दायरा ₹.110 से ₹.116 प्रति शेयर निर्धारित किया गया है। इस निर्गम के माध्यम से कंपनी लगभग ₹.55करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। IPO का मार्केट लॉट आकार 1,200 शेयर निर्धारित किया गया है। खुदरा निवेशकों को न्यूनतम 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। निर्गम का प्रबंधन प्रमुख Book Running Lead Manager चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
कंपनी का मानना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधानों की बढ़ती मांग और डिजिटल परिवर्तन की तेज होती प्रक्रिया के बीच उसके उत्पादों और सेवाओं की मांग में निरंतर वृद्धि की संभावना है। यही कारण है कि कंपनी विस्तार योजनाओं और उत्पाद विकास गतिविधियों को गति देने के लिए पूंजी बाजार का रुख कर रही है। नोट : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह किसी भी प्रकार की निवेश सलाह नहीं है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।

