भारत सौर ऊर्जा उत्पादन में निरंतर प्रगति कर रहा है, वर्तमान में विश्व स्तर पर वह तीसरे स्थान पर आ चुका है। पर प्रथम स्थान पर आने में उसे कई चुनौतियों का सामान करना पड़ रहा है। आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 के अनुसार सौर ऊर्जा के लिए परमाणु ऊर्जा की तुलना में 300 गुना अधिक जगह की आवश्यकता होती है। इस वजह से अक्सर खाद्य सुरक्षा और पर्यावरणीय हितों से जुड़े मुद्दे उभर कर सामने आते हैं। वहीं ग्रिड एकीकरण और ऊर्जा भंडारण में कई तरह की तकनीकी तथा उच्च लागत जैसी समस्याएं मौजूद हैं। इस वजह से सौर ऊर्जा का बड़े पैमाने पर विस्तार करने में दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा सौर क्षेत्र के लिए आवश्यक खनिजों, विशेष रूप से लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और कुछ दुर्लभ भू-खनिजों का खनन करना पड़ता है। इससे पर्यावरण को काफी क्षति पहुंचती है। साथ ही इनके खनन के लिए अत्यधिक जल की भी आवश्यकता होती है। वहीं इसमें अनुसंधान एवं विकास की कमी,आधुनिक उत्पादन सुविधाओं और विनिर्माण संबंधी अवसंरचना का अभाव भारत में सोलर पैनल्स, उपकरणों और इनवर्टर के विकास को प्रभावित करता है। इसके कारण भारत की आयात पर निर्भरता बढ़ जाती है। जहां जटिल विनियामकीय फ्रेमवर्क्स और राज्यों में असंगत नीतियां सौर ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में बाधा उत्पन्न करती हैं। इसके लिए सरकार को अभी से स्मार्ट ग्रिड प्रौद्योगिकियों में निवेश करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीयकृत माइक्रोग्रिड विकसित करने पर बल देना चाहिए। राज्यों और केंद्र सरकार की नीतियों में सामंजस्य बिठाने का प्रयास किया जाना चाहिए। इससे परियोजना अनुमोदन और निवेश को प्रोत्साहित करने में मदद मिल सकती है। सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सोलर पैनल्स की दक्षता, बैटरियों का ऊर्जा भंडारण और हाइब्रिड सिस्टम (सौर-पवन) में तकनीकी प्रगति व नवाचार पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।

