बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। दी एम्पलॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के द्वारा डूंगला (चित्तौडगढ़) के कृषि मंडी परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रदेश के सहकारिता और नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री गौतम दक के सानिध्य में आयोजित इस रोजगार मेले में हजारों की संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया। इसके लिए लगभग पांच हजार आशार्थियों ने पूर्व पंजीकरण कराया। साथ ही बड़ी संख्या में ऑफलाइन आवेदन भी प्राप्त हुए। इस मेले के लिए अलग- अलग 35 से अधिक कंपनियों के काउंटर लगाए गए, जहां कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया एवं इंटरव्यू लिए। रोजगार मेले में लगभग 1600 युवाओं को रोजगार के प्रारंभिक अवसर प्रदान किए गए। इस दौरान राज्यमंत्री गौतम दक ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के सहकारिता और नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने कहा कि आज का दिन हमारे युवा साथियों के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत का दिन है। रोजगार मेले के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने में सहयोग करना है। मैं राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को धन्यवाद देना चाहता हूँ, जिन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए इतनी बड़ी पहल की है।
ईएआर के अध्यक्ष एन. के. जैन ने कहा कि इस शिविर में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित हैं जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे। जैन ने कहा कि सरकार में इन कंपनियों का मोरल बूस्ट अप हुआ है, जिसकी वजह से आज बड़ी-बड़ी कंपनियां दूरस्थ गांव में आकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सकारात्मक सोच का ही परिणाम है और दी एम्पलॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (ईएआर) युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ईएआर जॉब्स पाईन्ट की अध्यक्ष पूजा गुप्ता ने कहा कि युवाओं से अनुरोध किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रयास करें और यदि जॉब के लिए बाहर जाना पडे तो तैयार रहें। डूंगला कस्बे में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पहली बार हुए इस तरह के आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। शिविर में भाग लेने वाले युवाओं ने कहा कि उन्हें इस आयोजन से बहुत लाभ हुआ और उन्हें अपने करियर के लिए नई दिशा मिली हैं।
इस रोजगार मेले में 35 विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को अपनी कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों के बारे में बताया और उन्हें आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य रुप से उपस्थित उद्योगों में डीसीएम श्रीराम लि. कोटा, अशोक लेलेण्ड लि अलवर, अम्बुजा सीमेंट उदयपुर, सिक्योर मीटर्स उदयपुर, हीरो मोटोकॉर्प लि. नीमराणा, पौद्दार पिगमेंट लि. जयपुर, श्रीराम जनरल इन्श्योरेन्स जयपुर, जे.के. टायर एण्ड इंडस्ट्रीज कांकरोली, कृष्णा मारुति, मानेसर, लेन्सकार्ट भिवाडी, आरएससी स्वीचगियर्स जयपुर, तरुण इंटरनेशनल जयपुर, स्क्वायर इंश्योरेन्स ब्रोकर्स जयपुर, केजीके ग्रुप जयपुर, सिंघवी केमीकल्स एण्ड मार्बल्स उदयपुर, इकोमित्रम सस्टेन्बल सोल्युशन्स जयपुर, ब्राउन सुगर जयपुर, डॉटस्टार्क टेक्नोलॉजी जयपुर, ड्रिफ्ट पॉइन्ट टेक्नोलॉजी जयपुर, स्क्वायर फिनटेक जयपुर, आदिशक्ति मेटल, मायरा एचआर इन्फोटेक जयपुर, कैड सेन्टर जयपुर, इन्सुलेशन ग्रीन एनर्जी जयपुर, विनायक डॉयमण्ड टूल्स जयपुर, गीतान्जली हॉस्पिटल उदयपुर, टीवीएस मोटर्स, बजाज मोटर्स, यूनिक पॉवर टेक्नोलॉजी, केईसी इंटरनेशनल, एलफिट अरबिया अजमान (यूएई), सुब्रोस लि एवं नीति सिक्युरिटी एजेन्सी ने रोजगार मेले में भाग लिया।

