बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में जयपुर स्थित पर्यटन भवन में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरटीडीसी अध्यक्ष राजेश यादव एवं पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियार उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मार्ट्स में राजस्थान पर्यटन का वृहद प्रतिनिधित्व किये जाने की आवश्यकता बताई, जिससे अंतर्राष्ट्रीय ट्रेवल मार्ट में राजस्थान पर्यटन की प्रभावी ब्रांडिंग हो सके और राज्य को इसका गुणात्मक माइलेज मिल सके।
कोटा ट्रेवल मार्ट: दिया कुमारी ने कहा प्रदेश में जयपुर के साथ ही अन्य शहरों को भी पर्यटन की दृष्टि से आगे बढ़ाने के लिए कार्य किये जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान प्रत्येक जिले में पर्यटन की व्यापक सम्भावनाएं हैं। उन्होंने ट्रेवल मार्ट को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि कोटा सहित अन्य शहरों में ट्रेवल मार्ट के आयोजनों से वहां भी देशी—विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकेगी।
बनाये जाएं भव्य वार म्यूजियम: दिया कुमारी ने राज्य में बजट घोषणा के अनुरूप झुंझुनू जिले में वार म्यूजियम बनाने के साथ ही पश्चिमी राजस्थान में एक और भव्य वार म्यूजियम बनाने की आवश्यकता बताई।
ट्राईबल सर्किट निर्माण में अन्य राज्यों के अच्छे नावाचारों को करें शामिल: उप मुख्यमंत्री ने राजस्थान में बड़े विजन के साथ प्रोजेक्ट ट्राईबल सर्किट प्रोजेक्ट बनाने का कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस हेतु अन्य राज्यों के बेहतर कार्यों का अध्ययन कर अच्छे नावाचारों को शामिल करने के निर्देश दिए।
आमेर आइकॉनिक टूरिस्ट सेंटर: उप मुख्यमंत्री ने आमेर के विकास कार्य पर चर्चा करते हुए कहा कि आमेर एक आकर्षक हेरिटेज टाउन है। आमेर को आइकॉनिक टूरिस्ट सेंटर के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
गोविन्द देव जी मंदिर परिक्षेत्र में पार्किंग सहित सुविधाओं का हो विकास: उप मुख्यमंत्री ने इस बैठक में निर्देश दिए कि बजट घोषणा की अनुपालना में गोविन्द देव जी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अपेक्षित आवश्यक सुविधाओं को मंदिर परिक्षेत्र में योजना बनाकर भव्यता से विकास कार्य करवाया जाने के निर्देश दिए। इसके लिए कार्यकारी एजेंसी जेडीए के माध्यम से कार्य किये जाने हैं। पर्यटन विभाग के उच्चाधिकारी मौके की वस्तुस्थिति का अवलोकन करें।

