Monday, June 29, 2026 |
Home Metro City Specialसभी विभाग आपस में समन्वय बनाते हुए व्यवस्थाओं को करें चाक-चौबंद: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

सभी विभाग आपस में समन्वय बनाते हुए व्यवस्थाओं को करें चाक-चौबंद: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित बीकानेर यात्रा की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने समीक्षा की

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित बीकानेर यात्रा (22 मई) के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के तहत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक चौबन्द करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अपनी तय जिम्मेदारियों के अनुसार काम करें तथा आपस में समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।
शर्मा ने कहा कि तेज गर्मी के मद्देनजर आयोजन स्थल पर आमजन के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, आवागमन सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं का उचित संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनता को किसी भी तरह की असुविधा ना हो। उन्होंने बीकानेर कलक्टर को एयरपोर्ट, हेलीपैड तथा सभा स्थल पर सभी व्यवस्थाओं को समयानुसार पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के तहत सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गृह विभाग आगंतुकों के लिए सुरक्षा पास, यातायात प्रबंधन जैसी समुचित व्यवस्थाएं करें।
संबंधित विभाग नोडल अधिकारी करें नियुक्त: मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए अपने-अपने विभाग का नोडल अधिकारी नियुक्त करें। साथ ही, शर्मा ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री कार्यालय एवं रेलवे विभाग से आवश्यकतानुसार समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, पर्यटन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग एवं संचार विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को भी प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
प्रधानमंत्री करेंगे विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने यात्री सुविधाओं के दृष्टिगत रेलवे स्टेशनों के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। बीकानेर में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री अमृत भारत देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, बीकानेर मुंबई एक्सप्रेस टे्रन को हरी झंड़ी तथा देशभर में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान बीकानेर में विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर के दर्शन भी करेंगे। इस दौरान मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा वी.सी. के माध्यम से संबंधित जिलों के अधिकारीगण जुड़े।



You may also like

Leave a Comment