Monday, June 29, 2026 |
Home Editorialबांग्लादेश राजनीतिक संकट बरकरार, भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को मिल सकता है फायदा

बांग्लादेश राजनीतिक संकट बरकरार, भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को मिल सकता है फायदा

by Business Remedies
0 comments
punit jain

बांग्लादेश में आया राजनीतिक तूफान पिछले काफी समय से रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और फिर देश छोडऩे के बाद लग रहा था कि सब कुछ पटरी पर लौट आएगा। वहीं मोहम्मद युनूस की अगुवाई पर अंतरिम सरकार से लोगों को कुछ उम्मीदें लगी थीं, लेकिन अब वह भी धूमिल होती नजर आ रही हैं। बांग्लादेश में अभी भी हिंसा पूरी तरह शांत नहीं हुई है। इसका सबसे ज्यादा असर वहां की टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर पड़ रहा है। माना जा रहा है कि इसका फायदा भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को मिल सकता है। यहां नई-नई इंडस्ट्री टेक्सटाइल सेक्टर की लग सकती है। बांग्लादेश में पहली कपड़ा फैक्ट्री 1978 में खुली थी। आज वहां 40 लाख लोग इस काम में लगे हैं। जीडीपी में 10 फीसदी हिस्सेदारी टेक्सटाइल इंडस्ट्री की है। पिछले साल उसने 54 बिलियन डॉलर कीमत के कपड़े निर्यात किए थे। बांग्लादेश की कपड़ा फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों में ज्यादातर महिलाएं हैं। वहां मजदूरी बेहद सस्ती है, जिससे लागत कम आती है। हालांकि कम मजदूरी का मुद्दा वहां उठता रहा है। बांग्लादेशी सरकार ने एक्सपोर्ट प्रॉसेसिंग जोन विकसित किए हैं। ईयू और अमेरिका जैसे बड़े बाजारों के साथ ट्रेड एग्रीमेंट है। टेक्सटाइल इंडस्ट्री को टैक्स में छूट और सब्सिडी दी जाती है। वहीं, भारत ने अपना फोकस कैपिटल इंटेसिव सेक्टर जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स पर रखा है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि भारत अपने घरेलू उद्योगों को लेकर बहुत ज्यादा प्रोटेक्टिव है, जिससे घाटा हो रहा है। स्थानीय मैन्युफैक्चरर जिन कपड़ों और दूसरी चीजों का इस्तेमाल करते हैं, उस पर 2017 के बाद से 13 फीसदी इम्पोर्ट टैरिफ बढ़ाया जा चुका है। पश्चिम को जिस पैमाने पर और जैसा प्रॉडक्ट चाहिए, अब उसमें बांग्लादेश को विशेषज्ञता हासिल हो चुकी है। यूरोपीय मार्केट में भारत के मुकाबले बांग्लादेशी उद्यमियों की पहुंच फिलहाल ज्यादा है। संभवतय: आने वाले समय में बांग्लादेश में यह स्थिति चलती रही तो इसका फायदा भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को मिल सकता है।



You may also like

Leave a Comment